Budh Vakri 2026: ग्रहों के राजकुमार बुध 24 अक्टूबर 2026 को तुला राशि में वक्री होने जा रहे हैं। ज्योतिष में बुध को बुद्धि, कम्युनिकेशन, बिजनेस, हिसाब-किताब और फैसले लेने की क्षमता का कारक माना जाता है। ऐसे में बुध की उल्टी चाल का असर बातचीत, नौकरी, कारोबार, पैसों और रिश्तों से जुड़े मामलों पर पड़ सकता है। बुध तुला राशि में वक्री होंगे, जिसका स्वामी शुक्र है। इस समय शुक्र भी तुला राशि में वक्री और अस्त अवस्था में हैं। ऐसे में बुध के वक्री होने का असर रिश्तों, पार्टनरशिप, फाइनेंशियल प्लानिंग और निजी फैसलों पर ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है। वक्री बुध के दौरान पुराने मामले दोबारा सामने आने, बातचीत में गलतफहमी होने, पेमेंट में देरी या पहले लिए गए फैसलों पर फिर से विचार करने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में कुछ राशि वालों को इस दौरान अधिक सावधानी रखने की जरूरत हो सकती है। इन राशियों के लिए बुध ऐसे भावों में गोचर करेंगे, जिनका संबंध मैरिज, धन, घर-परिवार, करियर, खर्च और अचानक होने वाले बदलावों से है। आइए जानते हैं कि इन राशियों पर क्या असर पड़ सकता है और मुश्किलों को कम करने के लिए कौन-से उपाय किए जा सकते हैं।
मेष राशि वालों के लिए बुध सातवें भाव में वक्री होंगे। यह भाव मैरिज, लाइफ पार्टनर, बिजनेस पार्टनरशिप और एग्रीमेंट से जुड़ा है। ऐसे में पति-पत्नी के बीच पुरानी बात को लेकर बहस हो सकती है या किसी बातचीत का गलत मतलब निकाला जा सकता है। कारोबार करने वालों को पेमेंट, कॉन्ट्रैक्ट या काम की जिम्मेदारियों को लेकर पार्टनर के साथ मतभेद का सामना करना पड़ सकता है। कोई पुरानी डील दोबारा चर्चा में आ सकती है, लेकिन उसे फाइनल करने में देरी भी हो सकती है। इस दौरान किसी की बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने या गुस्से में रिश्ता तोड़ने जैसा फैसला लेने से बचें। बुधवार को भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करें और किसी भी जरूरी एग्रीमेंट को अच्छी तरह पढ़कर ही स्वीकार करें।
कर्क राशि वालों के लिए बुध चौथे भाव में वक्री होंगे। यह भाव घर, परिवार, प्रॉपर्टी, वाहन और मानसिक शांति से जुड़ा है। इस दौरान घर की मरम्मत, प्रॉपर्टी खरीदने या वाहन से जुड़ी किसी योजना में बदलाव हो सकता है। परिवार के किसी सदस्य के साथ पुराने मुद्दे पर बातचीत दोबारा शुरू हो सकती है। प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात, पेमेंट या किसी समझौते में गलती होने की आशंका के कारण हर जानकारी ध्यान से जांचना जरूरी रहेगा। घर और काम की जिम्मेदारियां एक साथ बढ़ने से तनाव भी हो सकता है। बुधवार को हरे मूंग का दान करें और प्रॉपर्टी या वाहन से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने से पहले सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें।
कन्या राशि के स्वामी बुध हैं और वक्री अवस्था में वे आपकी राशि से दूसरे भाव में रहेंगे। दूसरा भाव धन, बचत, परिवार और वाणी का होता है। ऐसे में आर्थिक फैसलों में गलती होने, पुराने भुगतान में देरी या बजट बिगड़ने की आशंका रह सकती है। नौकरीपेशा लोगों को सैलरी, इंसेंटिव या किसी दूसरे भुगतान से जुड़े मामले की दोबारा जांच करनी पड़ सकती है। परिवार में पैसों को लेकर बातचीत करते समय कठोर शब्दों का इस्तेमाल विवाद बढ़ा सकता है। कारोबारियों को लेन-देन और हिसाब-किताब में विशेष सावधानी रखनी होगी। बुधवार को जरूरतमंद व्यक्ति को हरे मूंग की दाल दान करें और बातचीत के दौरान संयम रखें।
तुला राशि वालों के लिए बुध पहले भाव में वक्री होंगे। पहला भाव व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, व्यवहार और निजी फैसलों से जुड़ा है। इस दौरान आप अपने पुराने फैसलों पर बार-बार विचार कर सकते हैं। करियर, रिश्तों या भविष्य की योजनाओं को लेकर असमंजस बढ़ सकता है। किसी पुराने दोस्त या रिश्ते से जुड़ा मामला दोबारा सामने आ सकता है। बुध की वक्री चाल के साथ शुक्र की वक्री और अस्त स्थिति भी तुला राशि में है, इसलिए लव लाइफ, पर्सनल इमेज और खर्च से जुड़े मामलों में अधिक सोच-विचार की जरूरत रहेगी। अपने लुक या लाइफस्टाइल में अचानक बड़े बदलाव करने या भावनाओं में आकर कोई फैसला लेने से बचें। बुधवार को 'ॐ बुं बुधाय नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें और महत्वपूर्ण फैसलों के लिए पर्याप्त समय लें।
वृश्चिक राशि वालों के लिए बुध बारहवें भाव में वक्री होंगे। यह भाव खर्च, विदेश, यात्रा, नींद और निजी जीवन से जुड़ा है। इस दौरान अनावश्यक खर्च बढ़ने या किसी पुराने पेमेंट को लेकर परेशानी हो सकती है। विदेश यात्रा, ऑनलाइन काम या दूर रहने वाले किसी व्यक्ति से जुड़े प्रोजेक्ट में देरी हो सकती है। किसी जरूरी ट्रांजैक्शन में जानकारी की कमी या गलत कम्युनिकेशन से समस्या पैदा हो सकती है। इसलिए आर्थिक फैसलों में सावधानी रखें और किसी भी भुगतान से पहले अकाउंट डिटेल्स जांचें। बुधवार को गाय को हरा चारा खिलाएं या जरूरतमंद व्यक्ति को हरी सब्जियां दान करें।
मकर राशि वालों के लिए बुध दसवें भाव में वक्री होंगे। दसवां भाव करियर, नौकरी, कारोबार और प्रोफेशनल इमेज का है। इस दौरान किसी पुराने प्रोजेक्ट में बदलाव करना पड़ सकता है या काम पूरा होने में देरी हो सकती है। ऑफिस में ईमेल, रिपोर्ट, मीटिंग या किसी जरूरी निर्देश को लेकर गलतफहमी बनने की आशंका रहेगी। कारोबारियों को क्लाइंट के साथ कॉन्ट्रैक्ट या पेमेंट की शर्तें दोबारा जांचनी पड़ सकती हैं। नौकरी बदलने की योजना बना रहे लोगों को ऑफर और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी लेने के बाद ही निर्णय करना चाहिए। बुधवार को किसी जरूरतमंद विद्यार्थी को कॉपी-पेन दान करें और ऑफिस के जरूरी कामों का लिखित रिकॉर्ड रखें।
मीन राशि वालों के लिए बुध आठवें भाव में वक्री होंगे। यह भाव संयुक्त धन, टैक्स, इंश्योरेंस, लोन और अचानक होने वाले बदलावों से जुड़ा है। ऐसे में पुराने आर्थिक लेन-देन, जॉइंट अकाउंट या प्रॉपर्टी से जुड़े किसी मामले की दोबारा जांच करनी पड़ सकती है। बिजनेस पार्टनर या जीवनसाथी के साथ पैसों और जिम्मेदारियों को लेकर साफ बातचीत रखना जरूरी होगा। किसी निवेश या आर्थिक समझौते में जरूरी जानकारी छूटने से परेशानी हो सकती है। इस दौरान शॉर्टकट से पैसा कमाने के प्रस्तावों पर भरोसा करने के बजाय पूरी जानकारी जुटाएं। बुधवार को भगवान गणेश की पूजा करें और हरी मूंग की दाल का दान करें।