क्रिकेट

IND vs NZ: कप्तान के तौर पर फेल रहा, क्लीन स्वीप झेलने के बाद रोहित ने बताया हार का कारण

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप झेलने के बाद रोहित शर्मा ने खुद पर इस हार की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर खुद को पूरी तरह से फेल बताया है। अब टीम इंडिया बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।

Image

रोहित शर्मा (साभार-BCCI)

IND vs NZ: न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ मिली 3-0 से करारी हार के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हार की ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा कि वह एक कप्तान और एक बल्लेबाज़ के रूप में भी विफल साबित हुए। रोहित ने कहा कि इस हार को पचा पाना आसान नहीं है। रोहित ने मैच के बाद रविवार को कहा, "ज़ाहिर तौर पर एक टेस्ट हारना, सीरीज़ हारना कभी भी आसान नहीं रहता है। हमने अच्छी क्रिकेट नहीं खेली और हम इसे स्वीकार करते हैं। न्यूज़ीलैंड ने हमसे बहुत बेहतर क्रिकेट खेली। हमने काफ़ी ग़लतियां की और हम सभी को इसे स्वीकारना होगा।"

पहले दोनों मैच में भारत पहली पारी में एक बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाया। हालांकि मुंबई में भारत को पहली पारी में लीड मिली लेकिन दूसरी पारी में एक बार फिर भारतीय शीर्ष क्रम विफल साबित हुआ। इस पूरी श्रृंखला में शीर्ष चार से केवल चार अर्धशतक आए। रोहित ने कहा, "हमने पहली पारी में स्कोरबोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं बनाए, इसलिए हम मैच में पीछे थे। लेकिन यहां हमारे पास पहली पारी में लगभग 30 रनों की बढ़त थी और हमें लगा कि हम मैच में आगे हैं। यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता था, हम और बेहतर कर सकते थे।"

रोहित ने इस सीरीज़ में बल्लेबाज़ी में भी निराश किया। बेंगलुरु में उनके बल्ले से सिर्फ़ एक अर्धशतक आया। हालांकि रोहित ने बताया कि एक बल्लेबाज़ के रूप में वो अपनी योजनाओं को अमली जामा पहनाने में असफल रहे। इसके साथ ही उन्होंने शुभमन गिल, ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर की भी तारीफ़ की।

रोहित ने कहा, "जब मैं बल्लेबाज़ी करने जाता हूं तो मेरे दिमाग़ में ख़ास योजनाएं होती हैं, लेकिन इस श्रृंखला में परिणाम मेरे पक्ष में नहीं आया जो कि काफ़ी निराशाजनक है। (गिल, पंत और वॉशिंगटन) उन्होंने हमें बताया कि इस पिच पर कैसी बल्लेबाज़ी की जानी चाहिए। हम जानते हैं कि यहां कैसी बल्लेबाज़ी की जानी चाहिए लेकिन इस श्रृंखला में चीज़ें हमारे पक्ष में नहीं गईं। मैं कप्तानी और बल्लेबाज़ी दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे पाया, जो मुझे परेशान करेगी। लेकिन हमने सामूहिक रूप से भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और यह सब हार के कारण बने।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!