क्रिकेट

Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने 3 साल बाद जड़ा वनडे शतक, 30वीं सेंचुरी बनाकर ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर बने

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 24, 2023, 04:38 PM IST

Rohit Sharma, IND vs NZ: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार दूसरे वनडे मैच में शानदार पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में सीरीज के तीसरे वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ ओपनिंग पार्टनरशिप करतेे हुए जोरदार पारी खेली और 3 साल का सूखा खत्म करते हुए अपने करियर का 30वां वनडे शतक जड़ा।

Image

रोहित शर्मा ने जड़ा 30वां वनडे शतक

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-न्यूजीलैंड तीसरा वनडे मैच
  • रोहित शर्मा ने जड़ा 30वां वनडे शतक
  • ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर बने रोहित शर्मा

Rohit Sharma century, IND vs NZ 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जा रहे तीन वनडे मैचों की सीरीज के अंंतिम मुकाबले में आखिरकार भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला गरजा और इस बार वो शतक बनाकर ही माने। लंबे समय से वनडे शतक से दूर रहे रोहित शर्मा ने धमाकेदार पारी खेलते हुए अपना 30वां वनडे शतक पूरा किया और वो वनडे इतिहास में ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी बने।

रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में शुरुआत से ही अपने पिछले मैच की लय को बनाकर रखा। दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन इस बार भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा था। रोहित शर्मा ने सबसे पहले 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी को भी पूरा किया।

इसके बाद रोहित शर्मा ने अपने रनों की रफ्तार बढ़ा दी और देखते-देखते उन्होंने गेंदों में अपना 30वां वनडे शतक पूरा कर लिया। रोहित शर्मा ने 27वें ओवर में आउट होने से पहले 85 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली जिसमें 6 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। उन्होंने इस दौरान गिल के साथ पहले विकेट के लिए 212 रनों की साझेदारी को भी अंजाम दिया।

ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर बने

रोहित शर्मा वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30 शतक जड़ने वाले चौथे क्रिकेटर बन गए हैं। रोहित शर्मा को इसके लिए काफी इंतजार करना पड़ा है। रोहित शर्मा ने 2007 से 2023 के बीच 241 वनडे मैचों में ये कमाल किया है। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी की है। दिलचस्प बात ये है कि 30 वनडे शतक जड़ने वाले चार खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी भारतीय हैं। ये हैं वो नाम..

1. सचिन तेंदुलकर - 49 वनडे शतक

2. विराट कोहली - 46 वनडे शतक

3. रिकी पोंटिंग - 30 वनडे शतक

4. रोहित शर्मा - 30 वनडे शतक

तीन साल बाद वनडे शतक

रोहित शर्मा ने इससे पहले अपना आखिरी व करियर का 29वां वनडे शतक 19 जनवरी 2020 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरू में जड़ा था। उन्होंने उस मैच में 119 रनों की पारी खेली थी। उसके बाद से अब तक 16 वनडे पारियां खेलीं जिस दौरान कई अर्धशतकीय पारियां तो खेलीं लेकिन शतक के लिए वो तरस गए थे। इस बार रोहित ने वो कमी पूरी कर दी।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article