क्रिकेट

T20 World Cup: सेमीफाइनल से पहले रोहित ने खोला सूर्या की बेखौफ बल्लेबाजी का राज

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 9, 2022, 04:37 PM IST

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 के गुरुवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने बताया है कि सूर्यकुमार यादव कैसे कर लेते हैं ऐसी बेखौफ बल्लेबाजी?

Image

सूर्यकुमार यादव(साभार AP)

एडिलेड: टीम इंडिया गुरुवार को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ने को तैयार है। भारतीय टीम ने बुधवार को एडिलेड में नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। दस साल लंबे अंतराल के बाद दोनों टीमों का टी20 विश्व कप में आमना-सामना होने जा रहा है। ऐसे में भारतीय टीम 8 साल बाद टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचकर 15 साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करने को बेकरार है।

विरोधी टीमों के सूर्या ने उड़ाए होश

टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव एक्स फैक्टर बनकर उभरे हैं। विराट कोहली तो फॉर्म में लौटने के बाद बल्ले से गदर मचा रहे हैं लेकिन सूर्यकुमार ने तो अपनी बल्लेबाजी के बेखौफ अंदाज से कोहराम मचा रखा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे धाकड़ बल्लेबाजों की मौजूदगी के बावजूद विरोधी टीमों की नजरें सूर्यकुमार यादव पर टिकी हैं और वो इस धाकड़ बल्लेबाज को अपने लिए सबसे बड़ा खतरा मान रही हैं।

सूर्या के नेचर से आती है बेखौफ बल्लेबाजी

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी के बेखौफ अंदाज का राज साझा करते हुए कहा, ये उनका नेचर है मुझे लगता है ऐसी बैटिंग वहीं से आती है। वो ऐसा खिलाड़ी है जो अपने साथ बोझ लेकर नहीं चलता है। बल्लेबाजी के दौरान उनके ऊपर कोई अतिरिक्त या बेवजह का दबाव नहीं होता है। जब वो खेलते हैं तब वो आप ये देख सकते हैं।'

उन्हें पसंद है इस अंदाज में बल्लेबाजी करना

रोहित ने सूर्या का तारीफ करते हुए आगे कहा, 'ऐसा नहीं है कि उन्होंने इस अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक-दो टूर्नामेंट खेले हैं। वो तकरीबन एक साल से ऐसी ही खेल रहे हैं। इससे आप ये अंदाजा लगा सकते हैं कि वो किस मिजाज खिलाड़ी हैं। उन्हें इस तरह बैखौफ अंदाज में खेलना पसंद है। चाहे स्कोर 10 पर 2 विकेट हो या 100 रन पर 2 विकेट वो दोनों परिस्थियों में एक जैसी क्रिकेट खेलते हैं।'

समय के साथ हुए हैं परिपक्व

हिटमैन ने आगे कहा, सूर्यकुमार खुलकर खेलते हैं इसी वजह सो वह पिछले टी20 विश्व कप में भी टीम के सदस्य थे। पिछले विश्व कप से लेकर अबतक उन्होंने जो प्रदर्शन किया है उसके लिए हम ये कह सकते हैं कि उनके लिए 'स्काई इज लिमिट'। उन्होंने खेल के आक्रमक अंदाज के साथ-साथ परिपक्वता भी दिखाई है। जिस अंदाज में वो खेलते हैं उससे बहुत से खिलाड़ियों के ऊपर से दबाव खत्म हो जाता है। वो अपने खेल को अच्छी तरह समझते हैं। वो ये अच्छी तरह समझते हैं कि गेंदबाज क्या करना चाहता है।

छोटे मैदान पर बल्लेबाजी करना नहीं है पसंद

रोहित ने यह भी बताया कि सूर्यकुमार यादव को बड़े मैदानों पर खेलना पसंद है। इसी वजह से वो ऑस्ट्रेलिया में जमकर रन बना रहे हैं। रोहित ने इस बारे में कहा, उन्हें बड़े मैदान पर खेलना पसंद है। उन्होंने मुझे एक बार बताया था कि वो छोटी बाउंड्री और छोटे मैदान पसंद नहीं करते हैं। छोटे मैदान पर वो बड़े गैप नहीं देख पाते हैं। वो वहीं शॉट्स खेलते हैं जहां गैप होता है, जो कि उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article