क्रिकेट

10 हजारी बनने से बस इतने रन दूर हैं रोहित शर्मा, ये है 10,000 वनडे रन बनाने वालों की पूरी लिस्ट

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 24, 2023, 06:32 PM IST

Rohit Sharma near 10k ODI run mark: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को वनडे क्रिकेट में अपना 30वां शतक जड़ा। इसके साथ ही अब वो एक और बड़े रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं। दरअसल, रोहित शर्मा अब वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।

Image

रोहित शर्मा 10 हजार के करीब

Rohit Sharma ODI Record: इंदौर के होलकर स्टेडियम में मंगलवार को टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला गरज उठा। तीन साल के सूखे के बाद आखिरकार उनके बल्ले से वो शतक निकल ही आया जिसका पूरे देश को इंतजार था। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अपने करियर का 30वां शतक जड़ा जिसके दम पर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो विश्व कप 2023 के लिए तैयार हैं। वैसे, अब रोहित शर्मा एक और बड़े रिकॉर्ड की तरफ बढ़ चुके हैं। ये है वनडे में दस हजारी बनने का रिकॉर्ड।

रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में 85 गेंदों पर 101 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। इस बेहतरीन शतक के साथ रोहित शर्मा ने अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है और अब वो विश्व क्रिकेट में 30 या उससे ज्यादा वनडे शतक जड़ने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये कमाल सिर्फ सचिन तेंदुलकर (49), विराट कोहली (46) और रिकी पोंटिंग (30) ने किया था।

अब 10 हजार रन के कितना करीब?

हिटमैन के नाम से मशहूर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अब वनडे में 10 हजार रन बनाने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 101 रनों की पारी के साथ अब वनडे क्रिकेट में उनके रनों का आंकड़ा 9782 तक पहुंच गया है। यानी अब वो दस हजारी बनने से सिर्फ 218 रन दूर हैं। इसी साल विश्व कप का आयोजन भारत में होना है ऐसे में जाहिर है कि वो इस बड़े मेडल के साथ विश्व कप में उतरेंगे।

ये हैं वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी

1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 463 मैचों में 18426 रन

2. कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 404 मैचों में 14234 रन

3. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 375 मैचों में 13704 रन

4. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 445 मैचों में 13430 रन

5. विराट कोहली (भारत) - 271 मैचों में 12809 रन

6. महेला जयवर्धने (श्रीलंका) - 448 मैचों में 12650 रन

7. इंजमाम-उल-हक (पाकिस्तान) - 378 मैचों में 11739 रन

8. जैक कालिस (दक्षिण अफ्रीका) - 328 मैचों में 11579 रन

9. सौरव गांगुली (भारत) - 311 मैचों में 11363 रन

10. राहुल द्रविड़ (भारत) - 344 मैचों में 10889 रन

11. एमएस धोनी (भारत) - 350 मैचों में 10773 रन

12. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 301 मैचों में 10480 रन

13. ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) - 299 मैचों में 10405 रन

14. तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका) - 330 मैचों में 10290 रन

रोहित शर्मा (भारत) - 241 मैचों में 9782 रन

इस लिस्ट में अब तक दस हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों में 5 खिलाड़ी भारत के हैं। ये खिलाड़ी हैं सचिन, विराट, गांगुली, द्रविड़ और धोनी। अब रोहित शर्मा जैसे ही 218 रन पूरे करेंगे तो वो ऐसा करने वाले छठे भारतीय और दुनिया के 15वें खिलाड़ी बन जाएंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article