क्रिकेट

Rohit Sharma BCCI Inteview: हिटमैन रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में अपने सुपरहिट प्रदर्शन का किसे दिया श्रेय?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने के बाद रोहित शर्मा ने जानिए किसे दिया अपनी सफलता का श्रेय?

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

सिडनी: रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई एकदिवसीय श्रृंखला में मिली सफलता का श्रेय ‘अपने तरीके से’ की गई तैयारी को दिया जो इस आत्मबोध से उपजी थी कि पेशेवर रूप से प्रतिबद्ध होने के अलावा भी जीवन के और पहलू हैं। रोहित ने यहां तीसरे और अंतिम एकदिवसीय में नाबाद 121 रन बनाकर भारत को ऑस्ट्रेलिया पर नौ विकेट से जीत दिलाई जिससे मेहमान टीम क्लीन स्वीप से बच गई। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच की श्रृंखला 2-1 से जीती।

पहली बार मिले तैयारी के लिए चार से पांच महीने

रोहित ने बीसीसीआई वेबसाइट से कहा,'जब से मैंने खेलना शुरू किया है मेरे पास कभी भी किसी श्रृंखला की तैयारी के लिए चार से पांच महीने नहीं होते थे इसलिए मैं इसका उपयोग करना चाहता था। मैं चीजों को अपने तरीके से, अपनी शर्तों पर करना चाहता था और यह वास्तव में मेरे लिए अच्छा रहा क्योंकि मुझे समझ में आया कि मुझे अपने बाकी करियर के लिए क्या करने की जरूरत है।'

मैंने किया समय का सदुपयोग

रोहित को मई में आईपीएल 2025 के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। रोहित ने कहा,'उस समय का उपयोग करना महत्वपूर्ण था क्योंकि जैसा कि मैंने कहा, मेरे पास इतना समय पहले कभी नहीं था और मैंने घर पर अच्छी तैयारी की थी। यहां और स्वदेश की परिस्थितियों में अंतर है लेकिन मैं यहां कई बार आ चुका हूं इसलिए यह बस उस लय में आने के बारे में था। इसलिए मैंने यहां आने से पहले जिस तरह से तैयारी की उसे बहुत श्रेय देता हूं। खुद को बहुत समय दिया। यह बहुत महत्वपूर्ण था क्योंकि कभी-कभी आपको यह समझने की जरूरत होती है कि पेशेवर रूप से आप जो करते हैं उसके अलावा जीवन में बहुत कुछ करना है लेकिन मेरे पास बहुत समय था और इसलिए मैंने इसका उपयोग किया।'

अच्छा रहा विराट के साथ साझेदारी करना

रोहित ने लंबे समय से अपने साथी रहे विराट कोहली के साथ मैच जिताऊ साझेदारी को संजोया। उन्होंने कहा,'जाहिर है दो नई गेंदों के साथ यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण था। शुरुआत में खेलना थोड़ा मुश्किल था लेकिन हमें पता था कि एक बार गेंद की चमक खत्म हो जाने के बाद यह थोड़ा आसान हो जाएगा। काफी लंबे समय के बाद (कोहली के साथ) शानदार साझेदारी। मुझे लगता है कि हमने लंबे समय से 100 रन की साझेदारी नहीं की थी। एक टीम के नजरिए से एक समय हमारी स्थिति को देखते हुए यह साझेदारी करना अच्छा था।'

विराट और मैंने लिया मैदान पर बिताए हर पल का आनंद

उन्होंने कहा, '(शुभमन) गिल थोड़ा जल्दी आउट हो गए और हमें पता था कि (चोटिल) श्रेयस अय्यर के नहीं होने से बल्लेबाजों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई है। हमने मैदान पर बिताए हर पल का आनंद लिया, हम दोनों के बीच खूब बातें हुईं। हमने साथ में बहुत क्रिकेट खेला है। हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। हम दोनों के बीच बहुत अनुभव है और हमने इसका बखूबी इस्तेमाल किया।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article