क्रिकेट

Rohit Sharma का डगमगा गया है आत्मविश्वासः बोले दिग्गज गावस्कर, 'हिटमैन' को दी यह सलाह

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated May 6, 2023, 11:09 PM IST

गावस्कर की यह टिप्पणियां ऐसे वक्त पर आई हैं, जब शनिवार (छह मई, 2023) को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड चेपॉक (एम ए चिदंबरम स्टेडियम) में छह विकेट की आसान जीत के साथ मुंबई के खिलाफ इस मैदान पर 13 साल के बाद जीत हासिल की। कप्तान शर्मा इस मुकाबले में तीन बॉल का सामना करने के बाद भी खाता न खोल पाए और शून्य (डक) पर आउट हुए।

Image

Rohit Sharma का डगमगा गया है आत्मविश्वासः बोले दिग्गज गावस्कर, 'हिटमैन' को दी यह सलाह

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को फिलहाल ब्रेक की जरूरत है। उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से विश्राम लेना चाहिए और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की तैयारी करनी चाहिए। ये सुझाव भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने दिया है। उनका इसके साथ ही मानना है कि हिटमैन के नाम से जाने जाने वाले मुंबई इंडियंस के कैप्टन और ओपनर का आत्मविश्वास डगमगा गया है।

ये बातें गावस्कर ने 'स्टार स्पोर्ट्स' चैनल से बातचीत के दौरान कहीं। उनकी राय में टी-20 लीग (आईपीएल) में लंबे समय तक कम स्कोर के बाद रोहित का कॉन्फिडेंस लेवल लड़खड़ा गया है। बकौल ओरिजिनल लिटिल मास्टर, "मैं चाहूंगा कि रोहित फिलहाल ब्रेक लें और डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए खुद को फिट रखें। वह आखिरी के कुछ मैचों के लिए वापसी कर सकते हैं, पर फिलहाल उन्हें खुद को थोड़ा आराम देना चाहिए।"

रोचक बात है कि गावस्कर की यह टिप्पणियां ऐसे वक्त पर आई हैं, जब शनिवार (छह मई, 2023) को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड चेपॉक (एम ए चिदंबरम स्टेडियम) में छह विकेट की आसान जीत के साथ मुंबई के खिलाफ इस मैदान पर 13 साल के बाद जीत हासिल की।

मथीशा पथिराना की अगुवाई में तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से धोनी के धुरंधरों ने आईपीएल मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम पर विजय प्राप्त की और इस जीत से चेन्नई की टीम 11 मैचों में 13 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गयी। मुंबई इस मैच के बाद 10 मुकाबलों में 10 अंक के साथ छठे स्थान पर है।

पथिराना ने चार ओवर में महज 15 रन देकर तीन विकेट लिये जिससे मुंबई आठ विकेट पर 139 रन ही बना सकी। चेन्नई ने 17.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान शर्मा इस मुकाबले में तीन बॉल का सामना करने के बाद भी खाता न खोल पाए और शून्य (डक) पर आउट हुए, जबकि डब्ल्यूटीसी का फाइनल लंदन के ओवल में सात से 11 जून, 2023 तक होना है। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article