भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मैच इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया फिलहाल इस सीरीज में 2-0 से आगे है और यह मैच जीतते ही टीम लगातार चौथी बार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लेगी। इतना ही नहीं इंदौर टेस्ट जीतने के साथ ही जून में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी टीम इंडिया की जगह पूरी तरह से पक्की हो जाएगी।
रोहित बनेंगे पहले भारतीय कप्तान
इंदौर टेस्ट टीम इंडिया के लिए तो खास है ही साथ ही यह मैच रोहित शर्मा के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि टीम इंडिया अपने जीत के रथ को इंदौर में भी जारी रख पाती है तो रोहित ऐसे पहले भारतीय कप्तान बन जाएंगे, जिन्होंने अपने पहले 5 मैच जीते हों। टीम इंडिया जिस फॉर्म में खेल रही है, उसे यह टेस्ट जीतने में ज्यादा मुश्किल नहीं होनी चाहिए।
श्रीलंका के खिलाफ जीते थे 2 टेस्ट मैच
बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज को 2-0 से जीता था। पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने मोहाली में श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराया था। टीम इंडिया ने दूसरे मैच में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में श्रीलंका को 238 रन से हराया था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने नागुपर टेस्ट 132 और दिल्ली टेस्ट 6 विकेट से जीत लिया है। अब रोहित शर्मा के पास बतौर कप्तान 5वां टेस्ट जीतने का मौका है।
