स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपना फेवरेट खाना दाल-चावल खाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो लंदन स्थित इंडियन हाई कमीशन की दावत का है। तीसरे वनडे मुकाबले से पहले टीम इंडिया को हाई कमीशन ने दावत पर बुलाया था।
इंग्लैंड दौरे के दौरान इंडियन हाई कमीशन के अधिकारियों ने टीम इंडिया से मुलाकात की। इस दौरान वहां एक डिनर आयोजित किया गया। डिनर के दौरान वहां कई तरह के पकवान केटरिंग में सजे हुए थे। भारतीय टीम के खिलाड़ी और मैनेजमेंट के सदस्यों ने इसका लुत्फ उठाया।
लाइन में लगे दिखे रोहित
अब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा लाइन में लगकर मजे से अपना पसंदीदा भोजन दाल-चावल खाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में गौतम गंभीर और विराट कोहली भी डिनर करते दिख रहे हैं।
खाया अपना फेवरेट खाना
बहुत पहले एक पॉडकास्ट में रोहित शर्मा ने अपने फेवरेट खाने के बारे में बताया था। उस दौरान रोहित ने दाल-चावल का नाम लिया था। इस वायरल वीडियो से यह साबित हो गया कि रोहित शर्मा जमीन से जुड़े हुए हैं और उनका पसंदीदा भोजन दाल-चावल ही है।
लॉर्ड्स में जड़ा शतक
इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम को निराशा मिली। भारत ने वनडे सीरीज 2-1 से गंवाई। हालांकि, रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे मैच में महफिल लूट ली। रोहित ने 110 गेंद पर 138 रन की शानदार पारी खेली। वह लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे मैच में शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बने।
इससे बहले भारतीय टीम को टी20 सीरीज में 4-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। वहीं, आयरलैंड दौरे पर भी भारतीय टीम को 2-0 से मात मिली थी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारतीय टीम का पहला विदेशी दौरा उम्मीद के विपरीत रहा।
