शहर

गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, पांच लोगों की मौत, आरोपी एक घंटे में गिरफ्तार

असम के गुवाहाटी स्थित होटल बिलास इन में सोमवार रात हुई फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। आरोपी को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया गया।

Image

गुवाहाटी के होटल बिलास इन में फायरिंग

Photo : Times Now Digital

Guwahati Hotel Firing: असम के गुवाहाटी में होटल बिलास इन में सोमवार रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटना बोरा सर्विस इलाके में रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस ने वारदात के आरोपी घनकांत गोगोई को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है। घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग

पुलिस कमिश्नर के अनुसार, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह होटल के लीज समझौते से जुड़ा संपत्ति विवाद माना जा रहा है। बताया गया है कि आरोपी ने होटल लीज पर लिया था। विवाद होटल मालिक पक्ष और लीज लेने वाले के बीच होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही है विस्तृत जांच

डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article