क्रिकेट

बचपन के कोच ने बताया, टेस्ट टीम में वापसी पर उन्होंने ऋषभ पंत को दी थी कौन सी सलाह

ऋषभ पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट टीम में 632 दिन के लंबे अंतराल के बाद वापसी पर शानदार शतक जड़ा। इसपर खुशी जाहिर करते हुए उनके बचपन के कोच ने बताया कि टेस्ट सीरीज से पहले उन्होंने पंत को दी थी कौन सी सलाह?

Image

ऋषभ पंत

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पंत ने विदाई टेस्ट में खेली 109 रन की पारी
  • 932 दिन बाद सफेद जर्सी में की वापसी
  • पंत के बचपन के कोच ने गाबा से की तुलना

नई दिल्ली: ऋषभ पंत ने जब भारतीय टेस्ट टीम में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी से पहले कोच देवेंद्र शर्मा को फोन किया तो इस आक्रामक और जज्बे से भरे बल्लेबाज को एक सलाह मिली कि ‘सिर नीचे कर के खेलना’। कोच की इस बात का मतलब अच्छी गेंदों को सम्मान देने के साथ सावधानी बरतने के बारे में था। पंत टेस्ट टीम में वापसी पर शानदार शतक लगाकर खुद को टीम के सबसे अहम खिलाड़ी के तौर पर स्थापित करने में सफल रहे हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल के बाद पंत के कोच देवेंद्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,'जाहिर तौर पर मैं ऋषभ के लिए बहुत खुश हूं। उनके पास पहली पारी में भी शतक बनाने का मौका था लेकिन उनके ऐसा नहीं करने से मैं थोड़ा दुखी था। आज उन्होंने प्रवाहमय बल्लेबाजी की। यह शतक उनके लिए एक महत्वपूर्ण है क्योंकि वापसी के बाद यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक है।'

धोनी के शतकों की बराबरी पर पहुंचे

पंत का यह छठा टेस्ट शतक है। उन्होंने इस पारी से महान महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर ली। धोनी ने जहां 90 टेस्ट में छह शतक लगाये वहीं पंत ने महज 34 टेस्ट मैचों में यह आंकड़ा छू लिया। पंत छह से ज्यादा बार 90 रन के आंकड़े को पार करने के बाद आउट हुए हैं। दिल्ली के सोनेट क्लब में कोचिंग देने वाले देवेंद्र ने कहा,'गाबा में श्रृंखला जीतने वाली पारी हर किसी के लिए हमेशा खास रहेगी लेकिन एक कोच के तौर पर मुझसे इस पारी के बारे में पूछा जाए, तो यह अमूल्य है और इससे अधिक उपयुक्त समय पर नहीं आ सकती थी।'

उन्होंने आगे कहा,'प्रत्येक खिलाड़ी को आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है और सफेद गेंद की क्रिकेट में आप कितनी भी उपलब्धि हासिल करे, टेस्ट मैचों की आपकी उपलब्धियों को हमेशा ज्यादा तवज्जो दी जाती है।'

गाबा की पारी की तरह खास है पंत का ये शतक

दिल्ली के पूर्व विकेटकीपर देवेंदर ने कहा,'पंत को सड़क दुर्घटना के बाद और जिस तरह के रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा उसे देखते हुए यह पारी गाबा की तरह की खास है। भारत के व्यस्त टेस्ट सत्र की शुरुआत में इस शतक से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article