क्रिकेट

ऋषभ पंत और जैमी स्मिथ की विकेटकीपिंग जोड़ी ने रचा बल्ले से टेस्ट क्रिकेट में नया इतिहास

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैच की टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत और जैमी स्मिथ की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। दोनों ने मिलकर सीरीज में इतने रन जोड़ दिए जितने 132 साल के टेस्ट इतिहास में एक सीरीज में विकेटकीपर्स की कोई जोड़ी नहीं जोड़ पाई।

Image

जैमी स्मिथ और ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)

Most runs by Wicketkeeper in a test Series: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैच की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों के विकेटकीपर बल्लेबाजों का बल्ला जमकर रन उगल रहा है। टीम इंडिया के नवनियुक्त उपकप्तान ऋषभ पंत ने सीरीज का आगाज ही दोनों पारियों में शतक जड़कर धमाकेदार अंदाज में किया था। वहीं इंग्लैंड के युवा विकेटकीपर जैमी स्मिथ ने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 184 रन की आतिशी नाबाद पारी खेलकर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। सीरीज के अबतक केवल दो टेस्ट मैच समाप्त हुए हैं और तीसरा जारी है। सीरीज अभी बीच मोड़ पर है और इन दोनों बल्लेबाजों ने अपने बल्ले से वो कारनामा कर दिखाया है जो 132 साल के टेस्ट इतिहास में नहीं हुआ।

सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली विकेटकीपर्स की जोड़ी

पंत और स्मिथ दोनों ने मिलकर सीरीज में 823 रन जोड़ लिए हैं। इतने रन टेस्ट क्रिकेट के 132 साल के इतिहास में दोनों टीमों के विकेटकीपर बल्लेबाजों ने साझा रूप से कभी नहीं बनाए। सबसे रोचक बाद यह है कि दोनों ही विकेटकीपर शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 400 रन के आंकड़े को भी पार कर चुके हैं। किसी भी टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों के विकेटकीपर बल्लेबाजों ने ऐसा कंसिस्टेंट प्रदर्शन नहीं किया।

इंग्लैंड में सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज

ऋषभ पंत मौजूदा सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ अबतक खेले 3 टेस्ट की 5 पारियों में 83.20 के औसत से 416 रन बना चुके हैं। जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। 134 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। सीरीज में अबतक पंत 44 चौके और 15 छक्के जड़ चुके हैं। पंत के नाम इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी विकेटकीपर के रूप में दर्ज हो चुका है। पंत सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे पायदान पर हैं।

सीरीज में इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज

वहीं दूसरी तरफ युवा जैमी स्मिथ 3 टेस्ट की पांच पारियों में दो बार नाबाद रहते हुए 135.66 के औसत से 407 रन बना चुके हैं। जिसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। स्मिथ सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। स्मिथ ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सीरीज में 45 चौके और 11 छक्के भी जड़े हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article