क्रिकेट

पोंटिंग ने चुना बुमराह का रिप्लेसमेंट, अर्शदीप नहीं इस गेंदबाज को मिले प्लेइंग इलेवन में मौका

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह के बिना उतरेगी। टीम मैनेजमेंट के साथ-साथ इस बात की भी चर्चा है क्रिकेट जगत में जोर-शोर से उठ रही है कि उनका रिप्लेसमेंट कौन हो, ऐसे में रिकी पोंटिंग ने बुमराह का रिप्लेसमेंट बताया है।

Image

रिकी पोंटिंग और जसप्रीत बुमराह (साभार-ICC)

Champions Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार को होने वाले मैच में वह हर्षित राणा की बजाय अर्शदीप सिंह को भारत की अंतिम एकादश में रखना पसंद करेंगे। भारत इस टूर्नामेंट में अपने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतर रहा है जो चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हो गए। उनकी जगह राणा को चुना गया है जिन्होंने हाल में इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन किया था।

पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में कहा, ‘‘ मैं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का चयन करूंगा। मैं (बुमराह की जगह) अर्शदीप को टीम में रखना चाहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि वह टी20 क्रिकेट का कितना बेहतरीन गेंदबाज है और अगर कौशल की बात करें तो शायद उसके पास भी वैसा कौशल है जैसा कि बुमराह के पास नई गेंद और डेथ ओवरों का कौशल है। भारत को इसकी कमी खलेगी।’’

पोंटिंग ने कहा, ‘‘इसका मतलब यह नहीं है कि हर्षित राणा से कुछ छीना जा रहा है क्योंकि मुझे लगता है कि वह काफी प्रतिभाशाली हैं और हम सभी जानते हैं कि नई गेंद से वह क्या कमाल कर सकता है लेकिन मुझे नहीं लगता कि डेथ ओवरों में वह अर्शदीप सिंह की तरह कुशल है।’’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि अंतिम एकादश में बाएं हाथ का तेज गेंदबाज होना काफी महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ बाएं हाथ का तेज गेंदबाज होने से आक्रमण को विविधता मिलती है। एक बाएं हाथ का ऐसा तेज गेंदबाज जो नई गेंद संभाल सके और उसे मूव कर सके। हम सभी जानते हैं कि ऐसा गेंदबाज कितना महत्वपूर्ण होता है विशेष कर तब जबकि किसी बड़े टूर्नामेंट में शीर्ष क्रम में दाएं हाथ के बल्लेबाज अधिक हों। अगर मैं भारतीय टीम का चयन करता तो इसी सोच के साथ आगे बढ़ता।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article