RCB Sold, IPL 2026: कहते हैं कि इंसान की किस्मत कभी भी बदल सकती है। सोचकर देखिए, जिस क्रिकेटर का सपना कभी IPL में खेलने का था, जिसे मात्र 30 लाख रुपये में IPL की एक टीम ने खरीदा था और पूरे सीजन सिर्फ बेंच पर बिठाकर रखा था। उस क्रिकेटर ने 8 साल बाद पूरी की पूरी IPL टीम ही खरीद ली। हम बात कर रहे हैं कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नए चेयरमैन की। जिनका नाम आर्यमान विक्रम बिड़ला है। आर्यमान विक्रम बिड़ला कभी IPL में खेलने का सपना देखते थे। साल 2018 में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में मात्र 30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने नाम किया था। समय बदला और साथ ही बदल चुकी है पूरी तस्वीर।
राजस्थान रॉयल्स ने नहीं खिलाया एक भी मैच
अपने परिवार के बिजनेस में उतरने से पहले आर्यमान बिड़ला कुछ साल पहले खुद एक क्रिकेटर के तौर पर IPL का हिस्सा हुए थे। साल 2017-18 के रणजी सीजन में उन्होंने मध्य प्रदेश टीम से हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह विजय हजारे ट्रॉफी में खेले। इस दौरान उन्हें 2018 के IPL ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने मात्र 30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने साथ टीम में शामिल किया था। यह पहला मौका था, जब IPL में उनकी एंट्री हुई थी। तब उनकी उम्र मात्र 20 साल थी। हालांकि, उन्हें पूरे IPL सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। इससे उनका IPL में खेलने का सपना अधूरा रह गया था।
क्रिकेट छोड़कर बिजनेस में जुड़ गए आर्यमान बिड़ला
इसके एक साल बाद घरेलू क्रिकेट में अपना आखिरी मैच खेलकर वह अपने पिता के साथ पारिवारिक बिजनेस में जुड़ गए। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह क्रिकेटर 8 साल बाद IPL की सबसे महंगी टीम के चेयरमैन बन जाएगा। इत्तेफाक देखिए, आर्यमान बिड़ला उसी दिन RCB के चेयरमैन बने, जिस दिन राजस्थान रॉयल्स की टीम भी बिक गई। बता दें कि RCB को आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी ने साथ मिलकर खरीद लिया है। इस सौदे की कीमत इतनी ज्यादा है कि आरसीबी लीग की सबसे महंगी टीम बन गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 1.78 अरब अमेरिकी डॉलर की कीमत यानि तकरीबन 16,660 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा गया है। आरसीबी के चेयरमैन के रूप में आर्यमन विक्रम बिड़ला काम करेंगे। वहीं, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी इसके वाइस-चेयरमैन होंगे।
