क्रिकेट

अपना लड़का है, रवींद्र जडेजा ने सुनाया पीएम मोदी से पहली मुलाकात का मजेदार किस्सा (वीडिया)

Jadeja Met Modi: रवींद्र जडेजा ने नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पहले एक मजेगदार किस्सा सुनाया है। यह किस्सा उनके और पीएम मोदी के बीच पहली मुलाकात का है। यह मुलाकात 15 साल पहले 2010 में हुई थी, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हुआ करते थे।

Image

रवींद्र जडेजा और नरेंद्र मोदी (साभार-X Jadeja)

Jadeja Met Modi: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाएंगे। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने प्रधानमंत्री से अपनी पहली मुलाकात का एक मजेदार किस्सा शेयर किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी पहली मुलाकात 2010 में हुई थी, तब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। जडेजा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करने के साथ-साथ एक पोस्ट भी लिखा है। वीडियो में वह कहते हैं कि मैं पीएम मोदी जी पहली बार 2010 में मिला था, तब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। अहमदाबाद में हमारा दक्षिण अफ्रीका के साथ मैच था और मैच शुरू होने से ठीक पहले टीमें परिचय के लिए मैदान पर कतार में खड़ी थीं। उस समय के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से उन्होंने कहा था कि ये हमारे राज्य से हैं, इनका विशेष ध्यान रखें।

जडेजा ने लिखा, "नरेंद्र मोदी आए और सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया। यह पहली बार था, जब मैं उनसे मिला। उस समय हमारे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मेरा उनसे परिचय कराया। मोदी जी मुस्कुराए और धोनी से कहा, 'इसका ख्याल रखना, यह हमारा लड़का है।" जडेजा ने लिखा, "उनकी जगह पर बैठे किसी व्यक्ति से, खासकर मेरी टीम के सामने, यह साधारण सी बात सुनकर मुझे बहुत गर्व और खुशी हुई। यह उनकी गर्मजोशी और हर किसी के प्रति उनके सच्चे व्यक्तिगत स्नेह को दर्शाता है। मैं इस पल को कभी नहीं भूल सकता।"

रवींद्र जडेजा ने बतौर भारतीय क्रिकेटर एक लंबा समय गुजारा है। आज की तारीख में न सिर्फ भारत बल्कि वह दुनिया के प्रमुख ऑलराउंडर्स में से एक हैं। वह 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 में टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। टी20 फॉर्मेट से वह संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अभी सक्रिय हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article