क्रिकेट

कंगारुओं के खिलाफ जारी है सर जडेजा का धमाल, अब हुई विराट के साथ स्पेशल क्लब में एंट्री

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 18, 2023, 08:00 AM IST

रवींद्र जडेजा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन वनडे सीरीज के बाद भी जारी रहा। टेस्ट सीरीज में दो बार प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड जीतने के बाद जडेजा ने वनडे सीरीज का आगाज भी मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीत के साथ किया है।

Image

रवींद्र जडेजा

Photo : AP

मुंबई: घुटने की चोट से उबरकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज के दौरान टीम इंडिया में वापसी करने वाले ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के नागपुर और नई दिल्ली में खेले गए सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट मैच में भारतीय टीम को जीत मिली और दोनों ही मैचों में जीत का सेहरा रवींद्र जडेजा का सिर पर सजा। अंत में चार मैच की सीरीज पर टीम इंडिया ने 2-1 के अंतर से कब्जा किया और जडेजा को रविचंद्रन अश्विन के साथ साझा रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

टेस्ट सीरीज में लगातार दो बार चुने गए प्लेयर ऑफ द मैच

जडेजा ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में खेले चार टेस्ट में बल्लेबाजी करते हुए 5 पारियों में 27 के औसत से 135 रन बनाने के साथ गेंदबाजी के दौरान 18.86 के औसत के साथ कुल 22 विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पारी में 42 रन देकर 7 विकेट और मैच में 110 रन देकर 10 विकेट रहा। सीरीज में विकेटों के मामले में वो अश्विन से 2 विकेट पीछे रह गए। टेस्ट सीरीज में वो लगातार दो मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग तीनों में मचाया धमाल

जडेजा ने शुक्रवार का करियर का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों में अपना योगदान दिया। गेंदबाजी के दौरान उन्होंने 9 ओवर में 46 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं बल्लेबाजी में 69 गेंद में नाबाद 45 रन की पारी खेली। जडेजा ने केएल राहुल के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 123 गेंद में 123 रन की नाबाद साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज 10.1 ओवर और पांच विकेट शेष रहते पार करा दी। इसके अलावा उन्होंने मार्नस लाबुशेन का एक शानदार कैच फील्डिंग के दौरान लपका। जडेजा को इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टेस्ट के बाद वनडे में भी जडेजा ने शानदार वापसी करते हुए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम कर लिया।

विराट के साथ स्पेशल क्लब में हुए शामिल

रवींद्र जडेजा विराट कोहली के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इनके अलावा और कोई भारतीय ऐसा नहीं कर सका है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article