क्रिकेट

IPL रिटायरमेंट के बाद दूसरी पारी के लिए तैयार अश्विन, इस टी20 लीग में दिखा सकते हैं जलवा

रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है। अब सबको इंतजार है कि उनका अगला कदम क्या होगा। कोई उनका भविष्य कोचिंग में देख रहे हैं तो कोई बतौर कामेंटेटर उनकी नई पारी की बात कर रहे हैं। लेकिन अब खुद अश्विन ने बता दिया कि वह आगे क्या करने वाले हैं।

Image

रविचंद्रन अश्विन (साभार-IPL)

रविचंद्रन अश्विन ने जहां से अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी, उसी टीम के साथ उन्होंने इससे रिटायरमेंट का भी ऐलान कर दिया। आईपीएल छोड़ने के पीछे अश्विन ने अपनी फिटनेस और उम्र का हवाला दिया और कहा कि अब उनकी बॉडी 3 महीने तक चलने वाले आईपीएल के लिए फिट नहीं है। उन्होंने धोनी को लेकर कहा कि उन्हें आश्चर्य होता है कि वह अब भी आईपीएल खेल रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद अब सबके मन में एक सवाल आ रहा है कि अश्विन अब क्या करेंगे।

ILT20 लीग में दूसरी पारी शुरू करेंगे अश्विन

रिपोर्ट की मानें तो रविचंद्रन अश्विन अब यूएई की टी20 लीग ILT20 में अपनी दूसरी पारी शुरू कर सकते हैं। क्रिकबज की मानें तो यूएई लीग के चौथे सीजन में अश्विन एक्शन में नजर आ सकते हैं। अश्विन ने इसके लिए लीग के आयोजकों से भी बात कर ली है। दुबई में इस लीग का ऑक्शन आगामी 30 सितंबर को होना है और ऐसा माना जा रहा है कि अश्विन इसके लिए रजिस्टर कर सकते हैं। इसकी पुष्टि खुद अश्विन ने कर दी है। उन्होंने कहा 'हां, मैं आयोजकों से बात कर रहा हूँ। उम्मीद है, अगर मैं ऑक्शन के लिए रजिस्टर करूं तो कोई खरीदार मिल जाएगा।

ILT20 में पहले से खेलते हैं ये भारतीय

अगर अश्विन इस लीग में खेलते हैं तो वह पहले ऐसे भारतीय नहीं होंगे। इस लीग में पहले से ही कई बड़े भारतीय खिलाड़ी खेलते आए हैं। रॉबिन उथप्पा के अलावा यूसुफ पठान और अंबाती रायडू भी इस लीग का हिस्सा हैं। अश्विन के आने से इस लीग में रोमांच और भी बढ़ जाएगा।

सीएसके के साथ रहा खराब सीजन

इससे पहले रविचंद्रन अश्विन का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल का पिछला सीजन खराब गुजरा था। अश्विन ने 9 मैच में 9.13 की इकोनॉमी से केवल 7 विकेट चटकाए थे। इतना ही नहीं उनकी टीम चेन्नई ने प्वाइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर फिनिश किया था। आईपीएल करियर की बात करें तो अश्विन ने 220 आईपीएल मैच में 7.2 की इकोनॉमी से 187 विकेट चटकाए हैं। वह 5 अलग-अलग टीमों के लिए आईपीएल खेल चुके हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article