क्रिकेट

IND vs AUS: रविचंद्रन अश्विन का बड़ा दावा, इस ऑस्ट्रेलियाई से निपटने का तरीका खोज लिया

Ravichandran Ashwin On Steve Smith: भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया दौरा शुरू होने से पहले ही माइंड गेम खेलना शुरू कर दिया है। अश्विन ने दावा किया है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का तोड़ ढूंढ लिया है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से शुरू हो रही है।

Image

रविचंद्रन अश्विन (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज
  • रविचंद्रन अश्विन का बड़ा बयान
  • स्टीव स्मिथ का तोड़ ढूंढ लिया हैः अश्विन

IND vs AUS Test Series: भारत के सीनियर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि उन्होंने आगामी पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी के मुख्य आधार स्टीव स्मिथ से निपटने के तरीके खोज लिए हैं। शीर्ष स्तर पर इन दोनों की प्रतिद्वंद्विता एक दशक पुरानी है। ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाली बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान आमने-सामने होंगे।

अश्विन और स्मिथ आईपीएल फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट (आरपीएसजी) और दिल्ली कैपिटल्स में एक साथ समय बिता चुके हैं जिससे भारतीय स्पिनर को स्मिथ की ‘रणनीति को समझने’ में मदद मिली। अश्विन ने ‘7क्रिकेट’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘स्टीव स्मिथ स्पिन के खिलाफ एक खिलाड़ी के रूप में विशेष रूप से आकर्षक हैं। उनके पास एक अनूठी तकनीक है, यहां तक कि तेज गेंदबाजी को खेलने की भी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन स्पिन के मामले में मुझे लगता है कि वह अच्छी रणनीति और अच्छी तैयारी के साथ आया था और हां, वह इसे किसी भी परिस्थिति में लागू करता था। और पिछले कुछ वर्षों में मैंने इसे समझने के तरीके और साधन खोज लिए हैं।’’ अश्विन ने कहा, ‘‘जब वह दिल्ली कैपिटल्स में रहा, आरपीएसजी में रहा, वे सभी नेट सत्र जो मैंने उसके साथ बिताए उससे मुझे यह समझ में आया कि वह कैसे तैयारी करता है और उसे क्या पसंद है और क्या नहीं।’’

स्मिथ को सबसे पहले भारत के 2013-14 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान गेंदबाजी करने वाले अश्विन ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी की प्रशंसा की। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इस दिग्गज स्पिनर का सामना करते हुए 570 गेंदों में 348 रन बनाए हैं। स्मिथ सिर्फ तीन बार अश्विन की गेंद पर आउट हुए हैं। अश्विन ने कहा, ‘‘वह बहुत सोचने वाला क्रिकेटर भी है। वह हर समय आपसे बेहतर प्रदर्शन करना चाहता है। उसके पास अभ्यास करने और मैदान में आपका सामना करने के अनोखे तरीके हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘और कभी-कभी एक गेंदबाज के तौर पर जब आप बल्लेबाज को उसकी प्रक्रिया से गुजरते हुए देखते हैं तो आप पहचान लेते हैं कि कमी कहां है।’’ भारतीय स्पिनर ने कहा, ‘‘लेकिन बहुत बाद में जब मुझे लगता है कि मैंने समझ लिया है कि वह क्या करता है या कैसे बल्लेबाजी करता है तो मैं उससे आगे निकल जाता हूं।’’

आधुनिक समय के महान बल्लेबाजों में शामिल स्मिथ डेविड वार्नर के संन्यास के बाद सलामी बल्लेबाज के रूप में खराब प्रदर्शन के बाद कुछ बड़ी पारियां खेलने के लिए बेताब होंगे। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में चार टेस्ट मैच में 28.50 की औसत से केवल 171 रन बनाए।

अश्विन 38 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया में भारत के लिए तीसरे सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे अनिल कुंबले (49) और कपिल देव (51) हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article