क्रिकेट

IND vs AUS: डेब्यूटेंट सैम कोंस्टास ने मेलबर्न में रवि शास्त्री को दिलाई पूर्व भारतीय स्टार की याद

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत के खिलाफ टेस्ट करियर की आतिशी अंदाज में शुरुआत करने वाले युवा बल्लेबाज सैम कोंस्टास ने भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री को वीरेंद्र सहवाग की याद दिला दी है। जानिए उन्होंने कोंस्टास की सहवाग से तुलना करते हुए क्या कहा?

Image

सैम कोंस्टास

Photo : AP

मेलबर्न: सैम कोंस्टास ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ अपनी बेबाक बल्लेबाजी से एमसीसी पर बल्लेबाजी करने के तरीके की धज्जियां उड़ा दीं जिस पर पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने गुरुवार को कहा कि इस ऑस्ट्रेलियाई युवा ने उन्हें दिग्गज वीरेंद्र सहवाग की याद दिला दी। 19 वर्षीय कोंस्टास ने टेस्ट पदार्पण पर अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने आधुनिक क्रिकेट के सबसे सम्मानित तेज गेंदबाजों में से एक बुमराह की गेंद पर अपने रैंप शॉट से भारतीय खेमे को हैरत में डाल दिया।

भारतीय गेंदबाजी की उड़ाइ धज्जियां

शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'मुझे नहीं लगता कि किसी ने खेल के किसी भी प्रारूप में बुमराह के खिलाफ इस तरह बल्लेबाजी की है, लाल गेंद के क्रिकेट की तो बात ही छोड़िए। इस तरह के आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरना और कुछ बेहतरीन शॉट लगाने की कोशिश करना,यह कुछ और ही था। उसने एमसीसी पर बल्लेबाजी करने के तरीके की धज्जियां उड़ा दीं।'

टीम इंडिया के पास नहीं बची थी योजना

शास्त्री ने कहा कि एक समय ऐसा लगा कि भारत के पास कोई योजना ही नहीं बची है। उन्होंने कहा,'शुरू में वह पहले दो शॉट चूक गया और भारतीय खिलाड़ियों के चेहरों पर मुस्कान थी। उन्होंने सोचा ‘अगर वह मौके बनायेगा तो हम उसे जल्दी आउट कर देंगे।’ लेकिन जैसे ही वह ऐसा करने लगा, सारी मुस्कान गायब हो गई। आइडिया गायब हो गए।'

सहवाग जैसे खिलाड़ी हैं कोंस्टास

शास्त्री ने कहा कि कोंस्टास भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज सहवाग की तरह पूरी तरह से मनोरंजन करने वाले खिलाड़ी हैं और उन्होंने इस युवा खिलाड़ी के ऑस्ट्रेलिया में सफल करियर की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा,'मैं कहूंगा कि जिस तरह से वह खेलता है और जो मौके लेता है उसमें उसे कुछ असफलता भी मिलेंगी। वह मुझे वीरेंद्र सहवाग की याद दिलाता है जब वह पहली बार मैदान पर उतरा था। जब वह खेलता तो दर्शकों का मनोरंजन करता। वह मनोरंजन करने के लिए ही पैदा हुआ। अगर वह ऑस्ट्रेलिया के लिए कुछ समय तक खेलता है तो वह बिल्कुल वैसा ही करेगा।' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज जस्टिन लैंगर ने कहा कि कोंस्टास ने जो किया है, वह आसान नहीं है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article