ब्रिस्बेन: 10 दिन के अंतराल के बाद अफगानिस्तान की टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में एक्शन में नजर आई। न्यूजीलैंड और आयरलैंड के खिलाफ मेलबर्न में अफगानिस्तान के मुकाबले बारिश के कारण रद्द हो गए। हालांकि, मैदान पर मोहम्मद नबी के नेतृत्व वाली अफगानिस्तान की वापसी अच्छी नहीं रही। ब्रिस्बेन में मंगलवार को श्रीलंका के हाथों अफगानिस्तान को टूर्नामेंट की अपनी दूसरी शिकस्त सहनी पड़ी। अफगानिस्तान ने बल्ले से अच्छी शुरूआत की और इब्राहिम जदरान व नजीबुल्लाह जदरान ने तेजतर्रार छोटी पारियां खेली।
अफगानिस्तान की टीम 160 के स्कोर के करीब पहुंचती दिख रही थी, लेकिन नियमित अंतराल में विकेट गंवाना उसे भारी पड़ा और वह 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रन बना सकी। अफगानिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है और उम्मीद थी कि वो श्रीलंका को कड़ी टक्कर देगा। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने पहले 10 ओवर में ऐसा करके भी दिखाया, लेकिन धनंजय डी सिल्वा ने उनसे मैच छीन लिया। मुजीब उर रहमान ने अफगानिस्तान के लिए शानदार शुरूआत करते हुए पाथुम निसांका को आउट किया। मगर कुसल मेंडिस और धनंजय डी सिल्वा ने एक अच्छी साझेदारी की।
अफगानिस्तान के ट्रंप कार्ड राशिद खान को पारी के आठवें ओवर में आक्रमण पर लाया गया और उन्होंने तुरंत अपना प्रभाव छोड़ा। राशिद ने पांचवीं गेंद पर मेंडिस को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। राशिद खान और टीम के साथी विकेट का जश्न मना रहे थे, लेकिन इस बीच लेग स्पिनर अपने साथी से नाखुश दिखे और उसके सिर पकड़कर झटका दिया।
दरअसल, फजलहक फारूकी ने बैकवर्ड प्वाइंट पर एक मिसफील्डिंग की थी, जिससे राशिद खान नाखुश थे। लेग स्पिनर को यह याद था और जब विकेट लेने के बाद वो साथियों के साथ जश्न मना रहे थे तब फारूकी सामने आ गए। राशिद ने अपने हाथ से फारूकी का सिर पकड़ा और ऐसा दिखाया कि वो उसे मार देंगे। हालांकि, यह सभी एक्शन मजाक में किए गए थे, लेकिन राशिद खान के रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
राशिद खान ने अपने चार ओवर के कोटे में 31 रन देकर दो विकेट लिए। श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 9 गेंदें शेष रहते चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखा। अफगानिस्तान का मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया है।
