क्रिकेट

New Afghanistan T20 Captain: पिछली बार खुद छोड़ी थी कप्तानी, अब फिर टी20 कप्तान बने राशिद खान

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 29, 2022, 08:52 PM IST

Rashid Khan appointed as new T20 Captain of Afghanistan: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने एक बार फिर अपनी टीम की कप्तानी में बदलाव किया है। टीम के 24 वर्षीय स्टार स्पिनर राशिद खान को अफगानिस्तान की टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त कर लिया गया है। इससे पहले भी उनको जिम्मेदारी दी गई थी।

Image

राशिद खान

Photo : Twitter

स्टार लेग स्पिनर राशिद खान को बृहस्पतिवार को अफगानिस्तान का नया टी20 कप्तान बनाया गया जो मोहम्मद नबी की जगह लेंगे। 24 वर्ष के राशिद को टी20 विश्व कप 2021 से पहले भी कप्तान बनाया गया था लेकिन उन्होंने टीम की घोषणा के बाद कप्तानी छोड़ दी थी । उनका दावा था कि चयन को लेकर उनसे सलाह नहीं ली गई थी। नबी ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद कप्तानी छोड़ दी ।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मीरवाइज अशरफ ने एक बयान में कहा ,‘‘ राशिद खान अफगानिस्तान क्रिकेट में बड़ा नाम है। उनके पास इस प्रारूप में दुनिया भर में खेलने का अनुभव है जिससे उन्हें टीम को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलेगी ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राशिद खान के पास तीनों प्रारूपों में टीम की कप्तानी का अनुभव है । हम उन्हें फिर से टी20 कप्तान के रूप में देखकर बहुत खुश हैं।’’ राशिद ने कहा, ‘ कप्तानी बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पहले भी टीम का कप्तान रह चुका हूं और यह बेहतरीन टीम है जिसके साथ मेरा तालमेल जबर्दस्त है।’’

राशिद अफगानिस्तान के लिये 74 टी20 में 122 विकेट ले चुके हैं । इस प्रारूप में उनसे अधिक विकेट सिर्फ टिम साउदी (134) और शाकिब अल हसन (128) के नाम हैं।

दुनिया भर में वह 15 अलग अलग टीमों के लिये 361 टी20 मैच खेलकर 491 विकेट ले चुके हैं । फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनसे अधिक विकेट सिर्फ ड्वेन ब्रावो (614) के नाम हैं ।

End of Article