क्रिकेट

Border Gavaskar Trophy: रणजी ट्रॉफी में वापसी पर चटकाए सबसे ज्यादा विकेट, अब इस खिलाड़ी को भेजा जा सकता है ऑस्ट्रेलिया

Border Gavaskar Trophy, Mohammed Shami: भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी का रणजी ट्रॉफी में कहर जारी है। चोटिल होने के बाद शमी रणजी ट्रॉफी में बंगाल टीम की ओर से खेलने उतरे। उन्होंने पहले मैच में 19 ओवर किए और 54 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। अब उनको ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भेजा जा सकता है।

Image

मोहम्मद शमी चर्चा करते हुए। (फोटो- Mohammed Shami Instagram)

Border Gavaskar Trophy, Mohammed Shami: ऑस्ट्रेलिया के चुनौतीपूर्ण दौरे के दौरान मुश्किलों से घिरी भारतीय टीम को मोहम्मद शमी की सेवायें मिल सकती हैं क्योंकि इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी मैच में चार विकेट झटकाकर चोट से शानदार वापसी की। एक साल से ज्यादा समय बाद अपना पहला लाल गेंद का मैच खेलने वाले शमी ने बंगाल के लिए खेलते हुए मध्य प्रदेश की पहली पारी में फेंके गये 57 ओवर में चार स्पैल डाले और 19 ओवर में चार मेडन से 54 रन देकर चार विकेट चटकाये।

उन्होंने मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा, आल राउंडर सारांश जैन के अलावा दो पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट किया। इन चार में से तीन बल्लेबाजों को बोल्ड किया जबकि एक बल्ला छुआकर विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को कैच देकर आउट हुए। भारतीय टीम के लिए यह बहुत अच्छी खबर है, पर राष्ट्रीय चयन समिति यह भी देखेगी कि दूसरी पारी में वह कैसी गेंदबाजी करते हैं तथा इंदौर में होलकर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के अंत में उन्हें कोई दर्द तो नहीं होता या फिर सूजन तो नहीं होती।

अगर वह सभी मानदंडों पर खरे उतरते हैं तो यह लगभग तय है कि वह दिन-रात्रि के दूसरे टेस्ट से पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ जुड़ जायेंगे। यह रणजी ट्रॉफी मैच 16 नवंबर को खत्म होगा और वह पहले टेस्ट से पहले टीम से जुड़ सकते हैं जो 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होगा। अगर शमी जाते हैं तो उन्हें प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ दो दिवसीय दिन-रात्रि का एक अभ्यास मैच खेलने को मिलेगा।गुरुवार को चटकाये गये विकेटों से ज्यादा टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति के साथ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की खेल विज्ञान एवं चिकित्सा टीम टीम यह देखना चाहती है कि उनका शरीर कैसा बर्ताव कर रहा है।

शमी ने पिछले साल 19 नवंबर को वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। उन्होंने टखने की सर्जरी करवाई थी। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए वापसी करने वाले थे तभी इस सीनियर तेज गेंदबाज के घुटने में सूजन आ गई जिससे उनकी वापसी में देरी हुई। यह समझा जाता है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए 18 सदस्यीय टीम के नाम की घोषणा के बावजूद अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति और टीम प्रबंधन शमी को उसी समय टीम में शामिल कर लेंगे जब बीसीसीआई की चिकित्सा एवं खेल विज्ञान टीम के प्रमुख डॉ. नितिन पटेल उन्हें फिट घोषित कर देंगे।

बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि राष्ट्रीय चयन समिति के सदस्य अजय रात्रा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) चिकित्सा टीम के प्रमुख पटेल के साथ विशेष रूप से शमी की गेंदबाजी देखने के लिए आए थे। अंतिम फैसला लिए जाने से पहले उनके संबंध में ‘फीडबैक’ चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर, कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच गौतम गंभीर को भेजा जाएगा। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘‘जाहिर है शमी से अपना खेल खेलने के लिए कहा गया था क्योंकि रणजी ट्रॉफी का अगला दौर टेस्ट सत्र समाप्त होने के बाद 23 जनवरी को ही शुरू होगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए चयनकर्ताओं के पास उनकी फिटनेस जांचने के लिए केवल एक ही मैच था। उन्होंने कई स्पैल में 19 ओवर गेंदबाजी की है और 57 ओवर में से अधिकांश समय क्षेत्ररक्षण किया। उन्होंने 90 ‘डॉट’ गेंद फेंकी हैं। लेकिन उन्हें फिर से दूसरी पारी में गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण करना होगा। मान लीजिए कि वह दूसरी पारी में 15 से 18 ओवर और गेंदबाजी करते हैं तो यह अच्छी संख्या होगी। ’’ सूत्र ने कहा, ‘‘लेकिन सबसे बड़ी परीक्षा यह होगी कि क्या उन्हें चार दिन बाद फिर से कोई दर्द महसूस होता है या नहीं। अगर एनसीए की चिकित्सा टीम उनकी फिटनेस को हरी झंडी देती है तो जाहिर है कि वह दूसरे टेस्ट से पहले टीम में शामिल हो जायेंगे। ’’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article