जयपुर: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी टीम के नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। रियान पराग के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई है। वो संजू सैमसन की जगह लेंगे। संजू सैमसन को नीलामी से पहले राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को ट्रेड कर दिया था। ऐसे में टीम में शामिल किए गए रवींद्र जडेजा को भी कप्तान बनाए जाने की अटकलें लग रही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और रियान को कप्तान बनाए जाने का आधिकारिक तौर पर ऐलान 13 फरवरी, 2026 को हो गया।
राजस्थान रॉयल्स के सातवें कप्तान
रियान पराग ने आईपीएल 2025 में संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में कुछ मैचों में टीम की कप्तानी की थी। ऐसे में इस बात के संकेत मिलने लगे थे उन्हें भविष्य में कप्तान बनाया जा सकता है और अंतत: ऐसा ही हुआ। रियान पराग राजस्थान की कमान संभालने वाले सातवें खिलाड़ी हैं। उनसे पहले शेन वॉर्न, शेन वॉटसन, राहुल द्रविड़, स्टीव स्मिथ, अजिंक्य रहाणे, संजू सैमसन टीम की कप्तानी कर चुके हैं। रियान 8 मैच में राजस्थान की कप्तानी संभाल चुके हैं जिसमें से 2 मैच में टीम को जीत और 6 में हार मिली थी।
राजस्थान के सबसे कम उम्र के कप्तान
23 वर्षीय रियान पराग ने पिछले साल 23 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुवाहाटी में टीम की कमान संभाली थी और राजस्थान रॉयल्स के सबसे कम उम्र के कप्तान बने थे। उनका नाम IPL इतिहास के पांचवें सबसे कम उम्र के कप्तान के रूप में दर्ज हो गया था।
ऐसा रहा है रियान पराग का आईपीएल में प्रदर्शन
आईपीएल 2025 से पहले राजस्थान ने रियान पराग को 14 करोड़ की कीमत पर रिटेन किया था। वो टीम के साथ 2019 में जुड़े थे और सात सीजन से टीम के साथ रहे। इस दौरान उन्होंने 84 मैच में 26.10 के औसत और 141.85 के स्ट्राइक रेट से 1566 रन बनाए हैं। जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं। 95 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। पराग ने टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 में किया। 16 मैच में उन्होंने 52.09 के औसत और 149.22 के स्ट्राइकरेट से 573 रन बनाए थे। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं।
