क्रिकेट

IND vs NZ Final: भारत के खिलाफ फाइनल की पिच को लेकर रचिन रवींद्र ने दिया ये बयान

चैंपियंस ट्रॉफी में दो शतक जड़ चुके न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने फाइनल मुकाबले के से पहले दुबई की पिच के साथ तालमेल बिठाने की बात कही है। जानिए कीवी बल्लेबाज ने भारतीय टीम को एक मैदान पर खेलने के मिल रहे फायदे को लेकर क्या कहा?

Image

रचिन रवींद्र

Photo : AP

लाहौर: न्यूजीलैंड के आक्रामक सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र का मानना है कि भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के लिए उनकी टीम को दुबई की अनजान पिच से तालमेल बिठाना होगा। न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी में दुबई में केवल एक मैच भारत के खिलाफ खेला था और उसने अपने बाकी मैच पाकिस्तान में खेले। न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के दो मैच लाहौर में खेले थे।

दुबई की पिच के साथ बिठाना होगा तालमेल

दूसरी तरफ भारत ने अपने सभी मैच दुबई में खेले और वह वहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है। रवींद्र ने कहा,

'हम दुबई की पिच के बारे में बहुत अधिक नहीं जानते। हमने भारत के खिलाफ वहां एक मैच खेला और तब गेंद काफी टर्न ले रही जबकि एक अन्य मैच में हमने देखा कि गेंद बहुत अधिक टर्न नहीं कर रही थी। हमने परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाकर उसी की तरह अपना खेल खेला और रविवार को हमें फिर से ऐसा करना होगा।'

रचिन को फाइनल में है अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

रचिन ने बुधवार को न्यूजीलैंड की दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर 50 रन की जीत के बाद कहा,'हम अगले दो दिन इस पर गौर करेंगे और उम्मीद है कि वहां क्रिकेट के लिए अच्छा विकेट होगा।' रविंद्र भले ही टूर्नामेंट में अब तक दो शतक लगा चुके हैं लेकिन भारत के खिलाफ दुबई में खेले गए लीग चरण के मैच में वह केवल छह रन बनाकर हार्दिक पंड्या की गेंद पर अपर कट लगाने के प्रयास में आउट हो गए थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को हालांकि फाइनल में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। सेमीफाइनल में 108 रन की लाजवाब पारी खेलने वाले रविंद्र ने कहा,'जब भी आप बल्लेबाजी करते हैं तो आउट होने की संभावना बनी रहती है। उम्मीद है कि मैं लंबे समय तक बल्लेबाजी करूंगा और अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना जारी रखूंगा।'

भारत के खिलाफ ग्रुप मैच में हार है बीती बात

न्यूजीलैंड के मध्यक्रम बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने कहा कि ग्रुप चरण में भारत से हार अतीत की बात है और फाइनल एक नया दिन होगा। उन्होंने कहा,'फाइनल एक नया मैच होगा और हम वास्तव में इस चुनौती का सामना करने और परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने को लेकर उत्साहित हैं। उम्मीद है कि हम उन पर दबाव बनाने में सफल रहेंगे।'

फाइनल मुकाबले के लिए रोमांचित हैं मिचेल

मिचेल इस बहस में नहीं पड़ना चाहते हैं कि भारत को एक ही स्थान पर खेलने का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा,'यही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की प्रकृति है। हमने काफी यात्रा की है और हम इसके आदी हो चुके हैं। टूर्नामेंट का कार्यक्रम तैयार करना मेरा काम नहीं है। मैं अभी आईसीसी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने पर रोमांचित हूं और अगला मैच खेलने के लिए उत्साहित हूं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article