क्रिकेट

VHT 2025-26: सरफराज खान के आतिशी अर्धशतक पर फिरा पानी, पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में दी मुंबई को एक रन से मात

विजय हजारे ट्रॉफी में गरुवार को पंजाब ने मुंबई को एक रोमांचक मुकाबले में जीत के लिए 217 रन के लक्ष्य का पीछा नहीं करने दिया और एक रन के अंतर से मात देकर ग्रुप सी में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया।

Image

सरफराज खान (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic)

जयपुर: सरफराज खान ने लिस्ट ए क्रिकेट में किसी भारतीय का सबसे तेज अर्धशतक लगाया लेकिन गुरनूर बरार और मयंक मार्कंडेय के चार चार विकेटों की मदद से पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई को आखिरी गेंद पर एक रन से हरा दिया। ग्रुप सी से नॉकआउट के लिये पहले ही क्वालीफाई कर चुके पंजाब और मुंबई के बीच बेहद रोमांचक मैच हुआ जिसमें पंजाब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

जीत के लिये 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई के सरफराज ने 15 गेंद में अर्धशतक जमाया। मुंबई ने 15 ओवरों के भीतर दो विकेट पर 139 रन बना लिये थे। सरफराज ने 20 गेंद में सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाये। उन्होंने पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा को तीन छक्के और तीन चौके लगाये। उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 45 रन बनाये लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। सूर्यकुमार यादव 15 और शिवम दुबे 12 रन ही बना सके।

मुंबई को सिर्फ 16 रन की जरूरत थी और 27 ओवर तथा पांच विकेट बाकी थे। लेकिन राहुल चाहर ने 23वें ओवर में अय्यर को आउट कर दिया। इसके बाद मैच की तस्वीर पलट गई। मुंबई को चार विकेट बाकी रहते जीत के लिये पांच रन चाहिये थे लेकिन बाकी सारे विकेट तीन रन के भीतर गंवा दिये। इस नतीजे के बाद पंजाब ग्रुप सी में शीर्ष पर रहा जबकि मुंबई को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र तीसरे और छत्तीसगढ चौथे स्थान पर रहा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article