Prithvi Shaw vs Sapna gill: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के बीच में ही दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल टीम के विस्फोटक बल्लेबाज पृथ्वी शॉ एक बार फिर से मुसीबतों में फंसते नजर आ रहे हैं। पृथ्वी शॉ आईपीएल 2024 में बेहतरीन लय में दिखे हैं और वे दिल्ली की ओपनिंग को मजबूत करते हैं। हालांकि मुंबई की एक अदालत ने सपना गिल छेड़छाड़ मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने बुधवार को मुंबई पुलिस को सोशल मीडिया प्रभावशाली सपना गिल के 2023 में अंधेरी पब में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया। अतिरिक्त मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एससी तायडे ने उनकी शिकायत सुनने के बाद पुलिस को जांच करने और 19 जून तक अपनी रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। अदालत ने हालांकि शॉ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने के लिये पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की गिल की दलील खारिज कर दी ।
ये है पूरा मामला
दरअसल सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सपना गिल ने 2023 में ये आरोप लगाया था कि शॉ ने अंधेरी में एक पब में उनके साथ छेड़खानी की थी । गिल को फरवरी 2023 को अन्य लोगों के साथ शॉ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।सेल्फी लेने को लेकर उनकी बहस हुई थी। गिल फिलहाल जमानत पर है ।जमानत मिलने के बाद वह शॉ , उनके दोस्त आशीष यादव और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने अंधेरी हवाई अड्डा थाने पहुंची। पुलिस के मामला दर्ज नहीं करने पर उन्होंने मजिस्ट्रेट अदालत की शरण ली थी।
(पीटीआई इनपुट्स के साथ)
