क्रिकेट

भारत-इंग्लैंड तीसरे टेस्ट से पहले लॉर्ड्स में हुआ सचिन तेंदुलकर के पोर्ट्रेट का अनावरण

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के आगाज से पहले एमसीसी म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर के पोर्ट्रेट का अनावरण हुआ।

Image

सचिन तेंदुलकर एमसीसी म्यूजियम में अपनो पोट्रेट के साथ (फोटो साभार @Homeofcricket X)

लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले बृहस्पतिवार को लॉर्ड्स के एमसीसी (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) संग्रहालय में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के चित्र (पोर्ट्रेट) का अनावरण किया गया। यह पोर्ट्रेट स्टुअर्ट पियर्सन राइट ने 18 वर्ष पहले अपने घर पर ली गई एक तस्वीर से बनाया है। यह पोर्ट्रेट इस वर्ष के अंत तक एमसीसी संग्रहालय में रहेगा और उसके बाद इसे पवेलियन में लगाया जाएगा।

पियर्सन राइट ने बनाया है पोर्ट्रेट

यहां जारी की गई एक विज्ञप्ति में कहा गया है, 'जैसे-जैसे काम आगे बढ़ा, पियर्सन राइट का दृष्टिकोण भी बदलता गया और अंततः घिसे हुए एल्युमीनियम पर तेल की चित्रकारी के साथ यह समाप्त हुआ। इसमें अमूर्त पृष्ठभूमि तेंदुलकर की कालातीतता को दर्शाती है, जो किसी युग तक सीमित नहीं है।’ पियर्सन राइट ने इससे पहले कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और दिलीप वेंगसरकर के चित्र बनाए हैं।

सचिन ने बताया इसे बहुत बड़ा सम्मान

विज्ञप्ति के अनुसार तेंदुलकर ने कहा,'यह बहुत बड़ा सम्मान है। भारत ने जब 1983 में विश्व कप जीता था, तब लॉर्ड्स से मेरा पहला परिचय हुआ था। मैंने हमारे कप्तान कपिल देव को ट्रॉफी उठाते देखा। उस पल ने क्रिकेट में मेरे सफर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज जब पवेलियन में मेरा पोर्ट्रेट लगाया गया है, तो ऐसा लग रहा है जैसे मेरा सफ़र पूरा हो गया हो। जब मैं अपने करियर के बारे में सोचता हूं तो मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। यह वाकई खास है।'

लॉन्ग रूम गैलरी में लगाया जाएगा सचिन का पोर्ट्रेट

विज्ञप्ति में कहा गया है,'लॉन्ग रूम गैलरी खेल जगत की सबसे पुरानी और सबसे प्रतिष्ठित गैलरी है। क्लब में वर्तमान में लगभग 3,000 तस्वीरें हैं, जिनमें से लगभग 300 पोर्ट्रेट हैं।' पियर्सन राइट ने कहा,'यह स्पष्ट था कि एमसीसी नहीं चाहता था कि यह पोर्ट्रेट मेरे द्वारा बनाए गए भारतीय क्रिकेट से जुड़े पिछले चित्रों के समान प्रारूप में हो, इसलिए इस चित्र के साथ एक नया दृष्टिकोण अपनाया गया। मैंने इसमें सचिन के सिर पर अधिक ध्यान केंद्रित किया।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article