क्रिकेट

आलोचना के बाद पीसीबी ने बढ़ाई खिलाड़ियों की मैच फीस, जानें क्या है मामला

National t20 championship: आलोचना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के मैच फीस में बढ़ोतरी का फैसला किया। इससे पहले बाबर आजम ने इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। इससे पहले रिजर्व खिलाड़ियों के लिए मैच फीस घटाकर 10,000 पाकिस्तानी रुपये और 5,000 रुपये कर दी थी, लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (साभार-X)

National t20 championship: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वेतन में कटौती के उसके फैसले की कड़ी आलोचना के बाद राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस में बृहस्पतिवार को वृद्धि कर दी। पीसीबी ने पहले खिलाड़ियों और रिजर्व खिलाड़ियों के लिए मैच फीस घटाकर 10,000 पाकिस्तानी रुपये और 5,000 रुपये कर दी थी, जिसके कारण इसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी को इस फैसले की समीक्षा करने के आदेश जारी करने पड़े।

इस मामले में बड़े स्तर पर हुई आलोचना के बाद खुद को मुश्किल में पाकर पीसीबी ने अब खिलाड़ियों की मैच फीस बढ़ाकर 40,000 रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों की मैच फीस 20,000 रुपये कर दी है। बोर्ड ने इससे पहले सिर्फ एक दिन के खेल के बाद राष्ट्रीय अंडर-19 चैंपियनशिप को अचानक रोक दिया था जिसके बाद से पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम और ढांचे को लेकर चर्चा हो रही है।

अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में अधिक उम्र के खिलाड़ियों के चयन और अन्य मुद्दों की शिकायतों के बाद नकवी के आदेश पर यह फैसला लिया गया।

नयी प्रतिभाओं के लिए सबसे जरूरी मंच माने जाने वाले राष्ट्रीय जूनियर टूर्नामेंट का इस सत्र में आयोजन नहीं हो पाया है। इस बीच घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं में कटौती करने की खबरें भी आई हैं। इसमें अनुबंधों को समाप्त करना और होटल तथा यात्रा जैसी चीजों में पहले के मुकाबले काफी कम खर्च करना शामिल है।

पीसीबी सूत्रों का दावा है कि खर्चों में कटौती इस सत्र में घरेलू क्रिकेट में टूर्नामेंटों में बढ़ोतरी के कारण की गई है। इन टूर्नामेंटों को पहले बजट में शामिल नहीं किया गया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article