Razaullah World Record: पाकिस्तान को एजबेस्टन टेस्ट में हार के मुहाने से एक 21 साल के नौजवान ने निकाला है। तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में बल्ले से ऐसी तबाही मचाई कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए इस खिलाड़ी ने सिर्फ 63 गेंदों में 81 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 छक्के शामिल थे। इसके साथ ही रजाउल्लाह ने टेस्ट डेब्यू पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के टिम साउदी के नाम था, जिन्होंने 2008 में नेपियर में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू पर 9 छक्के जड़े थे। वहीं वेस्टइंडीज के काइल मेयर्स ने 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ 7 छक्के लगाए थे।
9 छक्के लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
रजाउल्लाह जब क्रीज पर आए थे तब पाकिस्तान का स्कोर 312/7 था और टीम को इंग्लैंड को दोबारा बल्लेबाजी कराने के लिए अभी भी 8 रनों की जरूरत थी। लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने आते ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन और जोश टंग पर धावा बोल दिया। उन्होंने शॉर्ट बॉल को निशाना बनाया और लगातार बाउंड्री के बाहर भेजा। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद रजाउल्लाह ने कहा, "मैं सोच-समझकर ही स्लॉग कर रहा था, लेकिन सभी गेंदें मेरी रेंज में लग रही थीं। मैं पारी को जितना हो सके उतना लंबा ले जाना चाहता था। मुझे तेज गेंदबाजी से डर नहीं लगा।"
आर्चर और एटकिंसन की गेंदों पर जड़े छक्के
उन्होंने आगे कहा, "मैं आर्चर की हार्ड लेंथ वाली गेंदों को सजा देना चाहता था। जब आप अपने देश के लिए खेल रहे होते हैं तो डरने की कोई बात नहीं होती। मैं बस एंजॉय कर रहा था।" रजाउल्लाह की यह पारी ऐसे समय में आई जब सीरीज में पाकिस्तान के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज इंग्लैंड की शॉर्ट बॉल के सामने संघर्ष कर रहे थे। इंग्लैंड पहले ही सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। उन्होंने कहा, "मेरी फेवरेट बॉल शॉर्ट बॉल ही है। मुझे खुद पर भरोसा था। मैंने सोचा था कि अगर मैं 50 गेंद खेल गया तो टीम के लिए कुछ अच्छा होगा और ऐसा ही हुआ।"
