क्रिकेट

PAK vs BAN 1st test Day 2 Highligts: बांग्लादेश ने दिया पाकिस्तान को करारा जवाब, पहली पारी में बनाए 316/5 रन

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को रावलपिंडी टेस्ट में करारा जवाब देते हुए दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 316 रन बना लिए हैं। शादमन इस्लाम अपना शतक पूरा करने से चूक गए।

Image

पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश ने रावलपिंडी टेस्ट में पाकिस्तान को दिया करारा जवाब
  • पाकिस्तान के 448 रन के जवाब में बनाए 5 विकेट पर 316 रन
  • शादमन इस्लाम ने बनाए 93 रन, शतक से चूके

रावलपिंडी (पाकिस्तान): सलामी बल्लेबाज शादमन इस्लाम (93 रन) के वापसी में शतक से चूकने के बावजूद बांग्लादेश ने शुक्रवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक पहली पारी में पांच विकेट पर 316 रन बना लिये। करीब 30 महीने बाद अपना पहला टेस्ट खेल रहे शादमन साढ़े पांच घंटे तक क्रीज पर डटे रहे जिन्हें चाय से पहले मोहम्मद अली (42 रन देकर एक विकेट) ने बोल्ड किया।

बांग्लादेश अभी भी है 132 रन पीछे

बांग्लादेश अब भी पाकिस्तान से 132 रन से पिछड़ रहा है। घरेलू टीम ने मोहम्मद रिजवान और सउद शकील के शतकों की बदौलत अपनी पहली पारी छह विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की थी। स्टंप तक मुश्फिकुर रहीम 55 रन और लिटन दास 52 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इन दोनों ने मिलकर 98 रन की साझेदारी निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने शाहीन शाह अफरीदी (55 रन देकर कोई विकेट नहीं) और नसीम शाह (77 रन देकर एक विकेट) के खिलाफ डटकर बल्लेबाजी की।

दास और मुश्फिकुर ने जड़े अर्धशतक

दास ने 52 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और शाह पर एक छक्का शामिल था। मुश्फिकुर ने 10 महीनों बाद अपने पहले टेस्ट में शानदार अर्धशतक जड़ा। मोमिनुल हक ने 76 गेंद में 50 रन की आकर्षक पारी खेली और शादमन के साथ मिलकर बांग्लादेश की पारी को आगे बढ़ाया जिसके लिए इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 94 रन की भागीदारी निभायी।

बांग्लादेश ने शुरुआत में जल्दी-जल्दी गंवाए 2 विकेट

हालांकि मेजबान टीम ने पहले तीन घंटे के सत्र में बांग्लादेश के दो विकेट झटक लिये थे जिसने बिना विकेट गंवाये 27 रन से खेलना शुरू किया था। जाकिर हसन (12) और कप्तान नजमुल हुसैन शांटो (16) के आउट होते ही स्कोर दो विकेट पर 53 रन हो गया। इसके बाद शादमन और मोमिनुल ने जिम्मेदारी से खेलते हुए अपने अर्धशतक पूरे किये।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article