शहर

चक्रवात 'अर्नब' का तांडव! आंध्र प्रदेश और यनम तट पर लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू, 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं

चक्रवात ‘अर्नब’ का आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में लैंडफॉल शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की रफ्तार 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Image

पश्चिम बंगाल के दीघा बीच पर साईक्लोन अर्नब का असर

Photo : ANI

बंगाल की खाड़ी से उठा बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान 'अर्नब' (Cyclone Arnab) आंध्र प्रदेश के तटों के करीब पहुंच गया है और काकीनाडा के पास यनम के नजदीक इसके लैंडफॉल यानी तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग और आंध्र प्रदेश सीएमओ के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिसमें हवा की रफ्तार 125 से 135 किमी प्रति घंटे से लेकर 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग (IMD) के स्पेशल बुलेटिन के मुताबिक, चक्रवात का केंद्र तट के बेहद करीब है। यह सिस्टम बापटला और विशाखापट्टनम के बीच, यनम के दक्षिण के पास से गुजर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह 4 बजे तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद भी बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ले रहे लगातार अपडेट

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू तूफान की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन की तैयारियों पर अधिकारियों से लगातार जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि जब तक चक्रवात पूरी तरह तट को पार न कर ले, वे अपने घरों के अंदर ही रहें और गैर-जरूरी यात्राएं टाल दें।

यनम और ओडिशा में पेड़ उखड़े

चक्रवात के असर से यनम में नेशनल हाईवे-216 के प्रवेश मार्ग के पास कई पेड़ उखड़ गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के कारण हाईवे के किनारे पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। ओडिशा के मोहना में भी तूफान के कारण पेड़ गिरने से सड़क बाधित हुई। अग्निशमन विभाग की टीम ने पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ करने का काम शुरू किया। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा बीच पर चक्रवात के असर से समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।

आंध्र प्रदेश में 6,000 बिजलीकर्मी तैनात

चक्रवात से बिजली व्यवस्था को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आंध्र प्रदेश में करीब 6,000 बिजलीकर्मियों को तैनात किया गया है। राज्य के ऊर्जा मंत्री गोट्टीपति रवि कुमार ने बिजली वितरण कंपनियों को हाई अलर्ट पर रखा है। विशाखापट्टनम, अनकापल्ली, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों में तैयारियों की निगरानी की जा रही है। फील्ड टीमों को टूटे बिजली के तारों, गिरे खंभों, क्षतिग्रस्त कंडक्टर और 132 केवी सबस्टेशनों में खराबी दूर करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। बिजली विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 1912 की क्षमता भी बढ़ा दी है, ताकि एक साथ 30,000 कॉल्स को संभाला जा सके।

मौसम विभाग की लगातार निगरानी

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात की निगरानी मछलीपट्टनम स्थित डॉप्लर वेदर रडार से की जा रही है। विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तूफान की गतिविधियों पर नजर रखी हुई है। लैंडफॉल के दौरान तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए लोगों को प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article