Pakistan vs Afghanistan: आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान के हाथों पहली हार से पाकिस्तान आहत हुआ है। टूर्नामेंट में इस बड़े उलटफेर के बाद पाक टीम के कप्तान बाबर आजम ने मात के लिए अपने बॉलर्स पर ठीकरा फोड़ा और सीधे तौर पर उन्हीं को हार का दोषी करार दिया, जो कि बीच के ओवरों में विकेट लेने में असफल रहे।
मैच के बाद आजम ने बताया,‘‘हमने अच्छा स्कोर बनाया था लेकिन गेंदबाजी में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा क्योंकि हम बीच के ओवरों में विकेट नहीं ले पाए। विश्व कप में अगर आप एक विभाग में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो आपको हार का सामना करना पड़ता है। ’’
बकौल बाबर,‘‘हमने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी लेकिन हम विकेट नहीं ले पाए। अफगानिस्तान को पूरा श्रेय जाता है। हम अच्छी क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं विशेष कर गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं है। पिच से दूसरी पारी में भी स्पिनरों को मदद मिल रही थी लेकिन उनके बल्लेबाजों पर किसी तरह का दबाव नहीं था।’’
दरअसल, पाकिस्तान ने सोमवार को तमिलनाडु के चेन्नई शहर में हुए विश्व कप के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 282 रन बनाए थे। अफगानी शेरों ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से 49 ओवर में दो विकेट पर 286 रन बनाकर जीत हासिल की।
