क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खेलने पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने तोड़ी चुप्पी

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से हटने के बाद पाकिस्तान की ओर से नया ड्रामा किया जा रहा था। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के समर्थन में टी20 वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी, अब इसको लेकर उन्होंने चुप्पी तोड़ी है।

Image

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खेलने पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने तोड़ी चुप्पी

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से हटने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने धमकी दी थी कि पाकिस्तान भी बांग्लादेश के समर्थन में टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा था कि इस पर अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। अब इस पर एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। पीसीबी चीफ ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद एक्स पर एक पोस्ट किया है। नकवी ने पोस्ट में पीएम के साथ एक तस्वीर शेयर की है और पोस्ट में लिखा 'प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ एक प्रोडक्टिव मीटिंग हुई। मैंने उन्हें ICC मामले के बारे में बताया, और उन्होंने निर्देश दिया कि हम सभी विकल्पों पर विचार करते हुए इसे हल करें। इस बात पर सहमति बनी कि अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।

mohsin naqvi post

मोहसिन नकवी पोस्ट

इससे पहले नकवी ने आईसीसी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था 'हम टी20 विश्व कप खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला सरकार करेगी। हमारे प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इस समय देश से बाहर हैं। उनके लौटने पर हम उनसे मिलेंगे और सलाह लेंगे। सरकार का निर्णय अंतिम होगा। अगर सरकार ने 'मना कर दिया' तो आईसीसी किसी अन्य टीम को आमंत्रित कर सकती है।'

बांग्लादेश सुरक्षा कारणों से अपने मैच श्रीलंका में कराने की जिद पर अड़ा था। आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ कई बार बातचीत की, लेकिन वे नही माने, जिसके बाद आईसीसी की ओर से बांग्लादेश के विकल्प के तौर पर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है।

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है। इस बार यह भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा। पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप का आगाज नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा। पाकिस्तान को ग्रुप A में भारत, नीदरलैंड्स, USA और नामीबिया के साथ रखा गया है, और हाइब्रिड मॉडल के तहत उसके सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article