Hong Kong Sixes Tournament: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने हाल ही में दमदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग सिक्सेंस टूर्नामेंट जीतकर एक रिकॉर्ड बनाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हुई जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया। यह खबर थी कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस जीत की खुशी में एक सप्ताह के राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा कर दी है। कई यूजर्स इस बात से हैरान थे कि हांगकांग सिक्सेंस जैसे टूर्नामेंट के लिए इतना बड़ा कदम कैसे उठाया जा सकता है, खासकर पाकिस्तान के लिए, जिसने 2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से कोई बड़ी जीत हासिल नहीं की है।
क्या है वायरल ट्वीट का सच?
यह अफवाह शाहबेज़ शरीफ नाम के एक अकाउंट के ट्वीट से फैली। इस ट्वीट में लिखा था: "हांगकांग सुपर सिक्सेंस जीतने पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बधाई। हालांकि हम भारतीय कमेंटेटर्स XI को नहीं हरा सकते, यह जीत विश्व कप से कम नहीं है! मैं इस खुशी के अवसर पर एक सप्ताह के राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा करना चाहूंगा।"
हैरानी की बात यह है कि यह ट्वीट पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक अकाउंट से नहीं किया गया था। यह ट्वीट एक पैरोडी अकाउंट से किया गया था।इस सच्चाई का पता चलते ही फैंस ने राहत की सांस ली, लेकिन तब तक यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होकर मीम फेस्ट में बदल चुका था। भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन के नाम से भी एक पैरोडी अकाउंट से इस पर प्रतिक्रिया आई थी, जिसमें जीत परेड की मांग की गई थी।
पाकिस्तान ने बनाया रिकॉर्ड
इन सब अटकलों के बीच, असली खबर यह है कि पाकिस्तान ने कुवैत को हराकर छठी बार हांगकांग सिक्सेंस का खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाया है। यह किसी भी टीम द्वारा इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार जीती गई ट्रॉफी है।
हालांकि, टूर्नामेंट में पाकिस्तान को अपनी एकमात्र हार भारत के खिलाफ मिली थी, जहां दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित मैच में डकवर्थ-लुईस (DLS) पद्धति से दो रन से करीबी जीत दर्ज की थी। विडंबना यह है कि टूर्नामेंट में भारत की वह एकमात्र जीत थी, क्योंकि वे नेपाल, कुवैत और श्रीलंका से हारकर लीग चरण से ही बाहर हो गए थे।
