क्रिकेट

'पहले मेरे प्रसंशक थे लेकिन अब..' वसीम अकरम ने इरफान पठान को लेकर कह दी बड़ी बात

Wasim Akram on Irfan Pathan: पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम ने इरफान पठान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शानदार की थी और वह आज भी मिलने पर इज्जत देता है। लेकिन इसके बाद अकरम ने जो कहा उसने सबको चौंका दिया।

Image

इरफान पठान को लेकर क्या बोले अकरम (फोटो साभार- BCCI/X)

Wasim Akram on Irfan Pathan: पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने भारतीय पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिसने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। एक पॉडकास्ट में बात करते हुए स्विंग के सुल्तान ने इरफान के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया और साथ ही उनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर नाराजगी भी जताई। वसीम अकरम ने खुलासा किया कि उनकी पहली मुलाकात इरफान पठान से 2004 में हुई थी, जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी। उस वक्त अकरम कॉमेंट्री पैनल में थे।

इरफान पठान पर बोले वसीम अकरम

अकरम ने बताया, "इरफान उस समय मेरा बहुत बड़ा प्रशंसक था। वो हमें देखकर ही बड़ा हुआ था। उसका एक्शन शुरू से ही मेरे जैसा था। मैंने उसे करियर के शुरुआती दिनों में कुछ टिप्स भी दिए थे। वो मानसिकता को लेकर थे कि कब कौन सी वैरिएशन इस्तेमाल करनी है, क्योंकि उस लेवल पर एक्शन पर ज्यादा काम नहीं होता।"

अकरम ने दिया चौंकाने वाला बयान

अकरम ने इरफान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शानदार की थी और वह आज भी मिलने पर इज्जत देता है। लेकिन इसके बाद अकरम ने जो कहा उसने सबको चौंका दिया। पाकिस्तानी दिग्गज ने कहा, "इरफान अच्छा लड़का है, आज भी मिलता है, लेकिन एक चीज जो मुझे खलती है वो ये कि वह आए दिन पाकिस्तान के खिलाफ कुछ न कुछ ट्वीट कर देता है।" अकरम ने हंसते हुए जोड़ा कि उनके फैंस भी ऐसे मौकों को छोड़ते नहीं हैं और तुरंत जवाब दे देते हैं।

भारत-पाकिस्तान के माहौल पर जताई चिंता

इसी बातचीत में वसीम ने भारत-पाकिस्तान मैचों के इर्द-गिर्द बनने वाले जहर भरे माहौल पर भी चिंता जताई। उन्होंने फैंस से अपील की कि इसे सिर्फ एक गेम की तरह देखें। अकरम ने कहा, "ये सिर्फ एक मैच है। किसी एक को जीतना है, किसी एक को हारना है। लेकिन लोग इसे 1970 के दशक वाली बदले की भावना से जोड़ देते हैं। लोगों के पास बहुत खाली समय है। खाली दिमाग शैतान का घर होता है, बस वही हो रहा है।" गौरतलब है कि वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए 460 इंटरनेशनल मैचों में 916 विकेट लिए हैं, जबकि इरफान पठान ने भारत के लिए 301 विकेट चटकाए हैं। दोनों ही रिटायरमेंट के बाद कॉमेंट्री में सक्रिय हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article