Deepika Padukone Suit Price: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की नई फैमिली फोटो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस तस्वीर में उनकी दोनों बेटियां दुआ और देवी भी नजर आ रही हैं। परिवार ने खास मौके पर फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता के ब्रांड House of Masaba के कपड़े पहने। हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान दीपिका के खूबसूरत एथनिक लुक ने खींचा है। उनका आइवरी और पीच कलर का कुर्ता सेट जितना खूबसूरत है, उसकी कीमत भी उतनी ही खास है।
दीपिका पादुकोण के सूट की कीमत कितनी है (Deepika Padukone Suit Price)
दीपिका पादुकोण ने इस खास मौके के लिए हाउस ऑफ मसाबा का 'नूर बन गए' (Noor Ban Gaye) कुर्ता सेट चुना। ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी कीमत 90,000 रुपये दर्ज है। यह तीन पीस का डिजाइनर सेट है, जिसमें कुर्ता, बॉटम और दुपट्टा शामिल हैं। ब्रैंड के सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है।
आइवरी रंग के इस कुर्ते में सिल्क फैब्रिक का इस्तेमाल हुआ है। इस पर पीच कलर का टिश्यू पैचवर्क और बारीक कढ़ाई की गई है। कुर्ते का डिजाइन सीधा है, लेकिन इसकी स्लीव्स, नेकलाइन और सामने की तरफ किया गया एम्ब्रॉयडरी वर्क इसे खास बनाता है।
इस आउटफिट की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें बहुत ज्यादा चमक-दमक नहीं है। हल्के रंगों के साथ खूबसूरत हैंडवर्क इसे त्योहारों और फैमिली फंक्शन के लिए शानदार विकल्प बनाता है।
दीपिका के दुपट्टे ने बढ़ाई पूरे लुक की खूबसूरती
दीपिका के इस लुक में दुपट्टे भी स्पेशल रोल में है। उन्होंने कुर्ते के साथ हल्के पीच रंग का क्रश्ड टिश्यू दुपट्टा कैरी किया। इसके बॉर्डर पर खूबसूरत कढ़ाई है। साथ ही चांद के आकार का एम्ब्रॉयडरी मोटिफ भी दिया गया है।
दुपट्टे का हल्का शाइन वाला फैब्रिक और कुर्ते का आइवरी रंग एक-दूसरे के साथ खूब जंच रहे हैं। यही वजह है कि बिना किसी भारी-भरकम स्टाइलिंग के भी यह आउटफिट बेहद एलिगेंट नजर आता है।
दीपिका पादुकोण का मेकअप और ज्वेलरी भी रहे खास
दीपिका ने अपने एथनिक लुक को पूरा करने के लिए बड़े स्टेटमेंट झुमके पहने। उनके मेकअप में स्मोकी आईज और सॉफ्ट पिंक लिपस्टिक नजर आई। बालों को बीच से मांग निकालकर खुला रखा गया।
दीपिका ने इस बार भारी नेकलेस या बहुत सारी एक्सेसरीज पहनने के बजाय अपने कपड़ों और झुमकों को ही पूरे लुक का मुख्य आकर्षण बनाया। यह स्टाइल इस फेस्टिव सीजन के लिए अच्छा रहेगा, खासतौर पर उन लेडीज के लिए जो त्योहार पर तैयार तो होना चाहती हैं, लेकिन बहुत ज्यादा ज्वेलरी पहनना पसंद नहीं करतीं।
रणवीर सिंह ने पहना आइवरी सिल्क कुर्ता सेट
रणवीर सिंह अपने रंग-बिरंगे और बोल्ड फैशन के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस फैमिली फोटो में उनका अंदाज काफी अलग और सादा नजर आया। उन्होंने आइवरी कलर का सिल्क कुर्ता सेट पहना।
रणवीर का यह लुक दीपिका के आउटफिट के साथ खूबसूरती से मैच कर रहा था। दोनों ने बिल्कुल एक जैसे कपड़े नहीं पहने, बल्कि एक ही कलर फैमिली के अलग-अलग शेड्स चुने। इससे दोनों के लुक में एक खूबसूरत तालमेल दिखाई दिया।
बड़ी बेटी दुआ ने पहना पीच कलर का कुर्ता सेट
दीपिका और रणवीर की बड़ी बेटी दुआ पादुकोण सिंह भी इस फैमिली फोटो में बेहद प्यारी नजर आईं। दुआ ने पीच कलर का टिश्यू और सिल्क कुर्ता सेट पहना था।
दुआ के कपड़ों का रंग उनकी मां के दुपट्टे और कुर्ते पर किए गए पैचवर्क से मेल खा रहा था। तस्वीर में दुआ अपनी छोटी बहन पर प्यार जताती भी दिखाई दीं। इस खूबसूरत पल ने फैमिली फोटो को और खास बना दिया।
छोटी बेटी देवी के लिए तैयार हुआ खास स्वैडल
परिवार की सबसे छोटी सदस्य देवी पादुकोण सिंह का आउटफिट भी हाउस ऑफ मसाबा से ही था। देवी को टिश्यू फैब्रिक से बने स्वैडल यानी बच्चे को लपेटने वाले कपड़े में रखा गया था।
इसमें अंदर की तरफ मुलायम मलमल की लाइनिंग दी गई थी, ताकि बच्चे की त्वचा पर कपड़ा मुलायम रहे। स्वैडल पर दिल के आकार के छोटे एम्ब्रॉयडरी टैसल्स भी लगाए गए थे। इसकी डिजाइनिंग परिवार के बाकी सदस्यों के कपड़ों के साथ मेल खा रही थी।
दीपिका और रणवीर की फैमिली फोटो क्यों है खास
दशहरे के मौके पर दीपिका और रणवीर ने अपनी दूसरी बेटी का नाम देवी पादुकोण सिंह सार्वजनिक किया। दोनों ने अपनी बेटियों के साथ तस्वीर शेयर करते हुए परिवार में आए इस नए सदस्य की खुशी जाहिर की।
फोटो की एक खास बात परिवार की मैचिंग ड्रेसिंग भी है। आइवरी, पीच और हल्के गोल्डन शेड्स का कॉम्बिनेशन पूरे परिवार को एक खूबसूरत फेस्टिव लुक दे रहा है।
