भारत की मेजबानी में होने वाले वर्ल्ड कप 2023 के कार्यक्रमों की घोषणा हो चुकी है। क्रिकेट का यह महाकुंभ 5 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होकर 19 नवंबर को इसी मैदान पर खत्म हो जाएगा। 46 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के शेड्यूल आने के बाद से ही यह चर्चा आम है कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी।
दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कुछ वेन्यू को लेकर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने अहमदाबाद में भारत के खिलाफ और चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने वेन्यू में बदलाव की मांग की थी, लेकिन आईसीसी की तरह से उनके इस आग्रह को खारिज कर दिया गया। अब जबकि पीसीबी अध्यक्ष पद का चुनाव जुलाई में होगा। इसके बाद इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कुछ आधिकारिक प्रतिक्रिया आने की उम्मीद है।
लेकिन ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर इस वर्ल्ड कप में पीसीबी के पास क्या ऑप्शन है। आपको बता दें कि वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पास एक नहीं बल्कि 3-3 विकल्प खुले हैं और उन्हें यह तय करना होगा कि वह किस विकल्प को चुनना चाहते हैं।

रोहित शर्मा और बाबर आजम (साभार-Twitter)
पहला विकल्प- तय शेड्यूल के अनुसार खेलें
पाकिस्तान के पास पहला और सबसे आसान विकल्प है कि वह अपने तमाम पिछली मांगों को भूलकर तय शेड्यूल के अनुसार भारत आएं और वर्ल्ड कप के सभी मैचों में हिस्सा लें और अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करें। जैसा कि महान गेंदबाज वसीम अकरम ने भी सलाह दी है।
दूसरा विकल्प- वर्ल्ड कप का बहिष्कार करें
पाकिस्तान के पास दूसरा विकल्प है कि वह इस वर्ल्ड कप का बहिष्कार करें और भारत खेलने न आएं। लेकिन यह विकल्प पाकिस्तान के लिए लगभग असंभव है, क्योंकि अगर वह ऐसा करता है तो आईसीसी उन पर बैन भी लगा सकती है। ऐसे में क्रिकेट की दुनिया में पाकिस्तान अलग-थलग नहीं होना चाहेगी। इसलिए इस विकल्प की संभावना न के बराबर है।

रविचंद्रन अश्विन और विराट कोहली (साभार-T20 World Cup)
तीसरा विकल्प- केवल अहमदाबाद में न खेलें
पाकिस्तान के लिए तीसरा विकल्प ऐसा है कि वह सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत के खिलाफ केवल अहमदाबाद में मैच न खेले और अपने 2 प्वाइंट गंवा दे। इस मैच के अलावा भी उनके पास 8 मैच बचेंगे और वह आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं। इससे उनकी जिद भी रह जाएगी और किसी का कुछ नुकसान भी नहीं होगा।

विराट कोहली (साभार-T20 World Cup)
टीमें ऐसा कर चुकी है पहले
ऐसा नहीं है कि प्वाइंट गंवाने का विकल्प पाकिस्तान की टीम पहली बार करेगी। इससे पहले भी टीम ऐसा कर चुकी है। 1996 में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने जबकि साल 2003 में इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे जाने से मना कर दिया था और अपने 2 प्वाइंट छोड़ दिए थे। अब वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान के पास भी यही विकल्प है। जिससे वह बिना किसी विवाद के भारत में खेल सकता है।
आखिरी फैसला पाकिस्तान के हाथ
हालांकि, आखिरी फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार को लेना है। ऐसे में पीसीबी के इलेक्शन के बाद ही इस मुद्दे पर कोई अहम और पुख्ता जानकारी सामने आने की उम्मीद है। भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप 2023 का महामुकाबला 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित है।
