एजुकेशन

IIT JAM 2027: आईआईटी जैम के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि करीब, बिना देर किए ऐसे पूरी करें ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

IIT JAM 2027: आईआईटी खड़गपुर द्वारा आयोजित की जाने वाली जैम 2027 की परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब करीब आ गई है। इसमें हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों को सलाह है कि वह तुरंत आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Image

IIT JAM 2027 (Photo - AI/Newsroom Verified)

IIT JAM 2027: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर द्वारा मास्टर्स कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (IIT JAM 2027) के लिए आवेदन प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों से एमएससी या अन्य पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम्स करना चाहते हैं और अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें सलाह है कि वह आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने और शुल्क भुगतान करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 है। अंतिम समय में सर्वर पर लोड या तकनीकी बाधाओं से बचने के लिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे डेडलाइन का इंतजार किए बिना तुरंत फॉर्म भर लें। आवेदन की प्रक्रिया लेख में नीचे गई है।

कितने शहरों में होगी परीक्षा

आईआईटी जैम 2027 परीक्षा का आयोजन देश के 114 शहरों में किया जाएगा। परीक्षा दो सेशन में आयोजित की जाएगी। इसमें पहला सेशन सुबह और दूसरा सेशन दोपहर से शाम के दौरान किया जाएगा।

कब होगी IIT JAM 2027

आईआईटी जैम 2027 की परीक्षा का आयोजन 14 फरवरी 2027 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे और दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। जानकारी के अनुसार, पहली शिफ्ट में गणित, जियोलॉजी और केमिस्ट्री की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी शिफ्ट में इकोनॉमिक्स, फिजिक्स, स्टेटिक्स, बायो-टेक्नोलॉजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Undergraduate) की डिग्री होनी चाहिए या वह अंतिम वर्ष (Final Year) की परीक्षा में शामिल हो रहा हो। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने हेतु कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया

1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jam.iitkgp.ac.in पर जाएं।

2. होमपेज पर दिए गए JAM 2027 Online Application (JOAPS) पोर्टल लिंक पर क्लिक करें।

3. एक वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करके खुद को रजिस्टर करें, जिससे लॉगिन क्रेडेंशियल्स प्राप्त होंगे।

4. पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी व्यक्तिगत, संपर्क और शैक्षणिक जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें।

5. अपनी पसंद के अनुसार एक या दो टेस्ट पेपर और परीक्षा शहरों का चयन करें।

6. निर्धारित दस्तावेज जैसे स्कैन की गई पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जन्मतिथि प्रमाण हेतु 10वीं की मार्कशीट अपलोड करें।

7. ऑनलाइन माध्यम से अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

कितना है आवेदन शुल्क?

जनरल और ओबीसी (OBC) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए एक पेपर का शुल्क 2,000 रुपये और दो पेपरों का शुल्क 2,700 रुपये है। वहीं, एससी, एसटी, महिला और दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए एक पेपर का शुल्क 1,000 रुपये तथा दो पेपरों का शुल्क 1,350 रुपये निर्धारित है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article