दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के बीच राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। माकपा (CPM) ने दिल्ली पुलिस पर सांसद के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उन्हें घायल हालत में सड़क किनारे छोड़ने का आरोप लगाया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर जॉन ब्रिटास का एक वीडियो भी साझा किया है। घटना के बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया,जहां उनके सीने में संभावित चोटों की जांच के लिए एक्स-रे और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घटना के बाद सीपीएम सांसद ब्रिटास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,राज्यसभा के सभापति और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
सांसद को करीब 50 मीटर तक घसीटने का आरोप
ब्रिटास ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि वह दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटा। इसके बाद उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उन्हें घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया गया।सांसद के मुताबिक, उन्हें दोपहर करीब 12:30 बजे जानकारी मिली थी कि युवा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने सांसद होने की जानकारी देने और पत्रकारों के हस्तक्षेप के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार जारी रखा।
ब्रिटास ने दावा किया कि एक पुलिस उपायुक्त (DCP) के निर्देश के बाद उन्हें रिहा किया गया, क्योंकि उनकी हिरासत को गैरकानूनी पाया गया था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद भी उन्हें शारीरिक दर्द और परेशानी महसूस हो रही थी।
SIT से जांच और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
ब्रिटास ने तीनों संवैधानिक पदाधिकारियों को भेजे गए पत्रों में अदालत की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में ऐसे अधिकारी शामिल होने चाहिए, जिनका घटना में कथित रूप से शामिल पुलिसकर्मियों से कोई संबंध न हो।
इसके अलावा उन्होंने CCTV और अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग, पुलिस वाहनों की पहचान एवं आवाजाही का विवरण, पुलिसकर्मियों की तैनाती और ड्यूटी रोस्टर सहित सभी संबंधित साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने गवाहों, पत्रकारों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की। ब्रिटास ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शनों से निपटने के तरीके को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बीच हुई यह घटना शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े संवैधानिक अधिकारों के पालन पर सवाल खड़े करती है।
CPI(M) ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
CPI(M) ने सोशल मीडिया मंच X पर आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने ब्रिटास पर बेरहमी से हमला किया और उन्हें घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया। पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे हदें पार करने वाला बताया।
मोदी और शाह पर भी साधा निशाना
ब्रिटास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए X पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
केजरीवाल के साथ भी धक्का-मुक्की का आरोप
इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी आरोप लगाया था कि शनिवार को हिरासत में लिए जाने के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ धक्का-मुक्की की गई। खबरों के मुताबिक, केजरीवाल को जाफरपुर कलां पुलिस थाने ले जाया गया था, जहां उन्हें करीब छह घंटे तक हिरासत में रखा गया।
