Pakistan Cricket Team Captaincy Saga: पाकिस्तान क्रिकेट टीम में एक बार फिर से बड़ा बदलाव हो गया है और एक और कप्तान अचानक हटा दिया गया है। दरअसल टीम ने मोहम्मद रिजवान की जगह एक बार फिर से शाहीन अफरीदी को वनडे कप्तान नियुक्त कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम में 2023 वर्ल्ड कप के बाद से ये ही कहानी रही है जो कि अभी भा जारी नजर आ रही है। ऐसा लग रहा है कि माने कप्तानों की एक चेयर रेस चल रही हो जिसमें हर राउंड के बाद नया चेहरा जो समय पर पहुंच जाए वो कुर्सी पर नजर आ रहा हो। आइए जानते हैं कि इसकी शुरुआत कैसे हुई और कब-कब कौन इस कुर्सी पर बैठा है।
2023 वर्ल्ड कप पाकिस्तान के लिए खराब गया था। लगातार तीसरी बार आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप के दूसरे दौर में जगह बनाने में विफलता के बाद बाबर आजम को वनडे कप्तान के पद से हटाए जाने की पुष्टि हो गई थी। हालांकि, उम्मीदों के विपरीत, आजम ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी।
बाबर आजम का अचानक इस्तीफा और नए कप्तानों की नियुक्ति
बाबर आजम को सरफराज अहमद के बाद सभी फॉर्मेट का कप्तान बनाया गया था, लेकिन 2023 में उनके बाद यह भूमिका संभालने के लिए कोई स्पष्ट दावेदार तैयार नहीं था। पिछले दो वर्षों में कप्तानी कई बार बदली है और एक बार फिर, 'मेन्स इन ग्रीन' को एक नए नेतृत्व की तलाश है। बाबर के इस्तीफे के बाद पाकिस्तान ने कप्तानी बदलने में ज्यादा देर नहीं लगाई और 2023 विश्व कप के दौरान ही नए कप्तानों की घोषणा कर दी।शाहीन अफरीदी को टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का नया कप्तान बनाया गया।शान मसूद ने टेस्ट टीम की कमान संभाली, और वह अभी भी टेस्ट कप्तान बने हुए हैं।चूंकि अगले एक साल तक कोई एकदिवसीय मैच निर्धारित नहीं था, इसलिए किसी वनडे कप्तान की नियुक्ति नहीं की गई।
शाहीन का छोटा कार्यकाल, बाबर फिर बन गए कप्तान
शाहीन अफरीदी ने जनवरी 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 कप्तान के रूप में अपना डेब्यू किया, लेकिन मेहमान टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से हारकर वापस लौटी। इस हार के सिर्फ दो महीने बाद, पीसीबी ने एक बड़ा बदलाव किया और 2024 टी20 विश्व कप से पहले बाबर आजम को सफेद गेंद (वनडे और टी20) का कप्तान फिर से नियुक्त कर दिया।
दूसरे कार्यकाल में भी फेल रहे बाबर
इस फैसले का मतलब था कि अफरीदी का टी20 कप्तानी का कार्यकाल सिर्फ एक सीरीज के बाद समाप्त हो गया।आजम की वापसी के साथ ही, संन्यास ले चुके मोहम्मद आमिर और इमाद वसीम को भी टीम में वापस लाया गया।हालांकि, इन बदलावों से पाकिस्तान को कोई मदद नहीं मिली और टीम टी20 विश्व कप के लीग चरण से ही बाहर हो गई। आईसीसी इवेंट के तीन महीने बाद, बाबर आजम ने एक बार फिर कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। दिलचस्प बात यह है कि दूसरी बार कप्तान बनने के बाद, उन्होंने एक भी एकदिवसीय मैच में पाकिस्तान का नेतृत्व नहीं किया।
रिजवान का असफल नेतृत्व और शाहीन की वनडे में वापसी
बाबर आजम के इस्तीफे के बाद, मोहम्मद रिजवान को उनका उत्तराधिकारी बनाया गया।रिजवान का टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी का कार्यकाल केवल 4 मैचों के बाद समाप्त हो गया, जिसमें टीम एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई। इसके बाद सलमान अली आगा को टी20 का कप्तान बनाया गया।रिजवान ने वनडे टीम का नेतृत्व करना जारी रखा, लेकिन टीम उनके नेतृत्व में संघर्ष करती दिखी। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई और लीग चरण से बाहर हो गई।
रिजवान का वनडे कप्तान के रूप में कार्यकाल 20 मैचों के बाद समाप्त हुआ, जिसमें उन्होंने 9 जीत और 11 हार दर्ज कीं। वेस्टइंडीज के खिलाफ बाहर खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला उनकी कप्तानी में आखिरी थी। अब, टी20 टीम के पूर्व कप्तान, शाहीन अफरीदी को नया वनडे कप्तान बनाया गया है।
टी20 में सलमान अली आगा का भविष्य भी खतरे में
प्रशंसकों को हैरानी नहीं होनी चाहिए अगर पीसीबी जल्द ही एक और टी20 कप्तान नियुक्त करता है। भले ही पाकिस्तान 2025 एशिया कप के फाइनल में पहुंच गया, लेकिन सलमान अली आगा की कप्तानी में टीम को भारत के खिलाफ तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी श्रृंखला, जो 28 अक्टूबर से शुरू होने वाली है के लिए पाकिस्तान ने अभी तक अपनी टी20 टीम की घोषणा नहीं की है, जो टी20 कप्तानी में एक और संभावित बदलाव का संकेत देता है। पाकिस्तानी क्रिकेट में कप्तानी बदलने का यह सिलसिला टीम की स्थिरता पर लगातार सवाल खड़े कर रहा है।
