T20 World Cup 2026: मोहसिन नक़वी के रुख पर पाकिस्तान में मचा बवाल, पू्र्व दिग्गजों ने उठाए सवाल
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Jan 28, 2026, 06:27 PM IST
पाकिस्तान क्रिकेट के पूर्व खिलाड़ियों और अधिकारियों ने मौजूदा चीफ मोहसिन नक़वी के टी20 विश्व कप 2026 से पाकिस्तानी टीम के हट सकने की संभावना व्यक्त की थी। जानिए सबने क्या कहा?
मोहसिन नक़वी
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 वेन्यू विवाद में बांग्लादेश का खुले तौर पर समर्थन करके अपने क्रिकेट भविष्य को खतरे में डाल दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया मोहसिन नकवी ने तो टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार या सोमवार को होगा अंतिम फैसला
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ हाल ही में हुई एक मीटिंग के बाद नकवी ने खुलासा किया कि टी20 वर्ल्ड कप में उनकी टीम की भागीदारी फिलहाल 'होल्ड' पर है, और इस विषय पर अंतिम फैसला या तो इस शुक्रवार या अगले सोमवार को आने की उम्मीद है। जैसे-जैसे टूर्नामेंट करीब आ रहा है, पाकिस्तान के इस रुख का उसके अपने घर पर ही विरोध शुरू हो गया है। विरोध करने वालों में पारिस्तान पूर्व खिलाड़ी और अधिकारी नकवी से कोई बड़ा कदम न उठाने का अनुरोध कर रहे हैं।
पाकिस्तान को विश्व कप में भेजनी चाहिए टीम
इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद हफीज ने कहा, PCB को वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम को भेजना चाहिए। जबकि PCB के पूर्व चेयरमैन खालिद महमूद और सचिव आरिफ अली अब्बासी को टीम को वर्ल्ड कप में नहीं भेजने में कोई तर्क नहीं दिखा। अब्बासी ने कहा,'मैं समझ सकता हूं कि पाकिस्तान बांग्लादेश का समर्थन कर रहा है, लेकिन आईसीसी और सदस्य बोर्डों के साथ संबंध खराब करने के अलावा पीसीबी को अपनी टीम विश्व कप में नहीं भेजकर क्या हासिल होगा?
दूसरे देशों से संबंधों पर भी रखना चाहिए ध्यान
अब्बासी ने PCB को वर्ल्ड कप के लिए टीम भेजने की सलाह देते हुए कहा, 'श्रीलंका के साथ हमारे संबंधों का क्या? जाहिर है, अगर पाकिस्तान नहीं जाता है तो श्रीलंका को नुकसान होगा क्योंकि हमारे सभी मैच श्रीलंका में हैं, जिसमें भारत के साथ मैच भी शामिल हैं।'
पाकिस्तान क्रिकेट पर रहना चाहिए ध्यान
खालित महमूद ने कहा, PCB का रुख सराहनीय था लेकिन इसे समझदारी भरा और पाकिस्तान क्रिकेट की सेवा पर केंद्रित रहना चाहिए। महमूद ने कहा,'हमें याद रखना होगा कि पाकिस्तान को छोड़कर किसी भी अन्य क्रिकेट बोर्ड ने भारत से मैच हटाने की बांग्लादेश की मांग का समर्थन नहीं किया। मैं बांग्लादेश बोर्ड द्वारा लिए गए रुख को समझ सकता हूं, लेकिन यह भी सच है कि आईसीसी मीटिंग में किसी ने भी उनका समर्थन नहीं किया।'
टीम को विश्व कप में नहीं भेजना होगा बुरा
पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और पूर्व चीफ सेलेक्टर मोहसिन खान ने भी पीसीबी से वर्ल्ड कप के लिए टीम भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, हमारे भारत के साथ मुद्दे हैं, लेकिन हम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रहे हैं।' उन्होंने बोर्ड को चेतावनी देते हुए कहा, उन्होंने पढ़ा है कि बांग्लादेश बोर्ड उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर रखने के आईसीसी के फैसले के खिलाफ अपील नहीं करेगा और फैसले को चुनौती नहीं देगा। तो फिर PCB किस आधार पर अपनी टीम को वर्ल्ड कप में नहीं भेजेगा। यह हमारे क्रिकेट के लिए बुरा होगा।
इंजमाम ने कहा टीम को देखना चाहता हूं विश्व कप में
पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक और मोहम्मद यूसुफ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि फैसला लेते समय पाकिस्तान को सब कुछ ध्यान में रखना चाहिए। इंजमाम ने कहा,'मैं व्यक्तिगत तौर पर पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में खेलते देखना चाहता हूं। हमारे पास कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं, और हमारे क्रिकेट को बड़े इवेंट्स में हमारी टीम को अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखने की जरूरत है।'
विश्व कप से हटने का नहीं है कोई ठोस कारण
पाकिस्तान के पूर्व सेलेक्टर और हेड कोच हारून रशीद का मानना है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा क्योंकि उसके पीछे हटने का कोई खास कारण नहीं था। उन्होंने कहा,'हमने बांग्लादेश का समर्थन किया, जो एक अच्छी बात है। हमने एक सैद्धांतिक रुख अपनाया, लेकिन अब अपने क्रिकेट हितों को देखने का भी समय है।'
(भाषा इनपुट के साथ)