क्रिकेट

इस्लामाबाद धमाके के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला

PCB ReSchedule Tri-Series: पीसीबी) ने इस्लामाबाद में आत्मघाती हमले के मद्देनजर सुरक्षा चिंताओं के कारण श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला के कार्यक्रम में बदलाव किया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब यह श्रृंखला 17 नवंबर से बजाय 18 नवंबर से शुरू होगी।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला

Photo : AP

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस्लामाबाद में आत्मघाती हमले के मद्देनजर सुरक्षा चिंताओं के कारण श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला के कार्यक्रम में बदलाव किया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब यह श्रृंखला 17 नवंबर से बजाय 18 नवंबर से शुरू होगी। इसका दूसरा मैच भी एक दिन बाद 20 नवंबर को खेला जाएगा। इसके अलावा टूर्नामेंट के सभी मैच रावलपिंडी में आयोजित करने का फैसला भी किया गया है।

इससे पहले लाहौर को इस प्रतियोगिता के पांच मैचों की मेजबानी करनी थी। इसमें 29 नवंबर को होने वाला फाइनल भी शामिल था, लेकिन तीनों बोर्ड अब केवल रावलपिंडी में ही मैच आयोजित करने पर सहमत हो गए हैं। पीसीबी ने बयान में कहा, "कार्यक्रम में बदलाव करने का फैसला क्रिकेट (एसएलसी) और जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) के साथ चर्चा के बाद लिया गया है।"

श्रीलंका की टीम मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला में खेलती रहे यह सुनिश्चित करने के लिए रात भर चर्चा हुई जिसके बाद पीसीबी ने यह बयान जारी किया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद पहुंची। श्रीलंका के टीम मैनेजर महिंदा हालंगोडा ने कहा कि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम भी पाकिस्तान का द्विपक्षीय दौरा जारी रखेगी तथा कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी स्वदेश लौटने की योजना नहीं बना रहा है।

इस्लामाबाद में हुए आतंकवादी हमले के बाद श्रीलंका के आठ खिलाड़ियों ने दौरा जारी रखने को लेकर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन एसएलसी द्वारा उनसे बात करने और आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने दौरा जारी रखने का फैसला किया है। हालंगोडा ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी श्रीलंका नहीं लौटेगा। उन्होंने कहा, "मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं।"

घटनाक्रम से अवगत एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि खिलाड़ियों को यह समझाने के लिए काफी प्रयास किए गए कि वे पाकिस्तान में सुरक्षित रहेंगे और उन्हें श्रृंखला में खेलना जारी रखना चाहिए। पीसीबी अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि वह पाकिस्तान दौरा जारी रखने के लिए श्रीलंकाई टीम के आभारी हैं।

पीसीबी ने बाद में बाकी बचे दो एकदिवसीय मैचों के कार्यक्रम में भी बदलाव की घोषणा की। पीसीबी ने बताया कि ये दोनों मैच अब रावलपिंडी में शुक्रवार और रविवार को खेले जाएंगे, जबकि पहले ये मैच 13 और 15 नवंबर को खेले जाने थे।

त्रिकोणीय श्रृंखला का कार्यक्रम इस प्रकार है

18 नवंबर – पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे

20 नवंबर – श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे

22 नवंबर - पाकिस्तान बनाम श्रीलंका

23 नवंबर – पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे

25 नवंबर – श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे

27 नवंबर - पाकिस्तान बनाम श्रीलंका

29 नवंबर - फाइनल

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article