Champions Trophy: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक 3 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया है। पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रावलपिंडी में बारिश की भेंट चढ़ा था। इसके बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश का मुकाबला भी बारिश के कारण नहीं खेला जा सका। बारिश की भेंट चढ़ने वाला आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान का रहा जो 28 फरवरी को लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इन मुकाबलों ने टीमों को तो नुकसान पहुंचाया ही फैंस के लिए भी मुश्किलें लेकर आया था, लेकिन अब पीसीबी ने फैंस के लिए एक अच्छी खबर शेयर की है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शनिवार को ऐलान किया कि रावलपिंडी में बारिश के कारण रद्द हुए दो चैंपियंस ट्रॉफी मैचों के लिए टिकट की पूरी राशि वापस की जाएगी। बारिश के कारण 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच और 27 फरवरी को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मैच एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया था।
क्या है पीसीबी की टिकट वापसी नीति
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पीसीबी टिकट वापसी नीति के अनुसार अगर टॉस से पहले मैच रद्द कर दिया जाता है तो टिकट धारक पूरा पैसा वापस पाने के पात्र हैं। पीसीबी ने एक बयान में कहा कि सभी टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे। इसमें कहा गया कि ‘हॉस्पिटैलिटी टिकट’ (बॉक्स और पीसीबी गैलरी) के टिकट धारक रिफंड के पात्र नहीं होंगे।
पात्र टिकट धारक 10 मार्च से 14 मार्च के बीच चुनिंदा टीसीएस आउटलेट पर अपना रिफंड वापस ले सकते हैं। रिफंड की प्रक्रिया के लिए टिकट धारकों को खरीद के प्रमाण के रूप में एक मूल टिकट पेश करना होगा जो फटा हुआ नहीं हो और व्यक्तिगत रूप से टीसीएस आउटलेट पर जाना होगा क्योंकि किसी और की ओर से रिफंड का दावा नहीं किया जा सकता है।
