क्रिकेट

PAK vs ZIM, T20 Tri Series Match 4 Highlights: पाकिस्तान ने जिंबाब्वे को रौंदकर की टी20 त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में एंट्री

पाकिस्तान ने जिंबाब्वे को त्रिकोणीय टी20 सीरीज के रावलपिंडी में खेले गए चौथे मुकाबले में 69 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Pakistan vs Zimbabwe

पाकिस्तान बनाम जिंबाब्वे (फोटो क्रेडिट Zimbabwe Cricket X)

रावलपिंडी: मेजबान पाकिस्तान ने जिंबाब्वे को त्रिकोणीय टी20 सीरीज के रविवार को रावलपिंडी में खेले गए चौथे मुकाबले में 69 रन के बड़े अंतर से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पाकिस्तान ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान(63) और बाबर आजम(74) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की टीम को 19 ओवर में 126 रन पर ढेर करके मैच 69 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। यह पाकिस्तान की त्रिकोणीय सीरीज में लगातार तीसरी जीत थी। इसके साथ ही उसने टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली।

खराब शुरुआत के बाद बाबर और फरहान ने संभाली पाकिस्तानी पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर में 29 के स्कोर पर सैम अयूब 13(8) रन बनाकर इवांस की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे बाबर आजम ने साहिबजादा फरहान का साथ दिया। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 5.5 ओवर में 50 रन के और 12.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। फरहान ने अपना अर्धशतक 35 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मददे से पूरा कर लिया। इसके बाद बाबर ने भी 42 गेंद में 5 चौके की मदद से टी20 करियर का 38वां अर्धशतक पूरा किया और विराट कोहली के अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

बाबर और फरहान ने की दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी

बाबर और फरहान ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 76 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी को 16वें ओवर में 132 के स्कोर पर सिकंदर रजा ने फरहान को बोल्ड करके तोड़ा। फरहान ने 41 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 63 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए फहीम अशरफ 3 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद बाबर आजम ने एक छोर संभाले रखा और टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। 18वें ओवर में 163 के स्कोर पर बाबर सिकंदर रजा की फिरकी में फंसकर कैच दे बैठे। उन्होंने 74(52) रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद नवाज(4) को नागरवा ने इवांस के हाथों कैच करा दिया। अंत में फखर जमां ने 10 गेंद में 27 रन की आतिशी पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन तक पहुंचा दिया। जिंबाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट सिकंदर रजा ने लिए। वहीं एक-एक सफलता रिचर्ड नागरवा और ब्रैड इवांस के खाते में गया।

82 रन पर जिंबाब्वे ने गंवाए 9 विकेट

जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की भी शुरुआत खराब रही। 14 रन पर टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज तडीवानाशी मुरुमनी(4) और ब्रायन बेनेट(9) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। 25 के स्कोर पर बैंडन टेलर भी पवेलियन लौट गए। ऐसी मुश्किल स्थिति में कप्तान सिकंदर रजा और रेयान बर्ल ने पारी को संभाला और टीम को 50 रन के पार ले गए। लेकिन कप्तान रजा 59 के स्कोर पर मोहम्मद नवाज की गेंद पर पवेलियन लौट गए। सिकंदर रजा के आउट होने के बाद एक छोर रियान बर्ल संभाले रहे और दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। 63 रन पर जिंबाब्वे ने 8 और 82 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे।

रियान बर्ल अंत तक थामे रहे एक छोर

ऐसी स्थिति में बर्ल ने 34 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और जिंबाब्वे को 100 रन के पार पहुंचा दिया। अंतिम विकेट के लिए बर्ल और नागरवा के बीच 31 गेंद में 44 रन की साझेदारी हुई। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर नागरवा रन आउट हो गए और 126 के स्कोर पर जिंबाब्वे की पारी का अंत हो गया। बर्ल 49 गेंद में 67 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट उस्मान तारिक ने लिए। वहीं 2 विकेट मोहम्मद नवाज की झोली में गए। एक-एक सफलता नसीम शाह, मोहम्मद वसीम और फहीम अशरफ को मिली। 18 रन देकर 4 विकेट चटकाने वाले उस्मान तारिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article