PAK vs NZ Pitch Report In Hindi ICC Champions Trophy 2025 Today Match: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की आज शुरुआत होगी। वनडे विश्व कप के बाद आईसीसी के इस सबसे बड़े 50 ओवर फॉर्मेट टूर्नामेंट का इंतजार फैंस को लंबे समय से था। दुनिया की 8 टॉप वनडे टीमें इस टूर्नामेंट में खिताब के लिए टकराने जा रही हैं। मेजबान पाकिस्तान के अलावा इस टूर्नामेंट में भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमें हैं। आज टूर्नामेंट का पहला वनडे मैच ग्रुप-बी का मुकाबला होगा जिसमें मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (Pakistan Vs New Zealand) की भिड़ंत होने वाली है। ये मैच पाकिस्तान के कराची (Karachi) में खेला जाएगा। इस मैच में न्यूजीलैंड वनडे टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर (Mitchell Santner) होंगे। जबकि पाकिस्तान वनडे टीम की कमान मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) के हाथों में रहेगी। भारतीय समय के मुताबिक इस मैच की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे से होगी और टॉस 2:00 बजे होगा।
चैंपियंस ट्रॉफी का आज पहला मैच न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाए, उससे पहले इन दोनों टीमों के वनडे क्रिकेट और चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में आमने-सामने के कुछ दिलचस्प आंकड़े आपको बताते हैं। वनडे क्रिकेट इतिहास में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 118 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिनमें 61 वनडे मैचों में पाकिस्तानी टीम को जीत हासिल हुई है, जबकि 53 मैचों में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को शिकस्त दी है। एक मैच टाई रहा और 3 मैच बेनतीजा रहे। वहीं, पाकिस्तानी जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 30 वनडे मैचों में 22 बार मेजबान पाकिस्तानी टीम को जीत मिली और न्यूजीलैंड सिर्फ 8 मैचों में ही विजय प्राप्त कर सका। अब बात कर लेते हैं चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास की। इस प्रतिष्ठित वनडे टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच हुए हैं, जिनमें दो मैच पाकिस्तान ने जीते और 1 मुकाबले में न्यूजीलैंड को जीत हासिल हुई थी। कुछ ही दिन पहले पाकिस्तान में खेली गई वनडे ट्राई सीरीज के बारे में यहां बताना जरूरी है क्योंकि उस सीरीज के फाइनल में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को उसी के घर में शिकस्त देते हुए खिताब अपने नाम किया था।
चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान-न्यूजीलैंड आज के मैच की पिच रिपोर्ट (PAK vs NZ Pitch Report Today)
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच आज कराची के नेशनल स्टेडियम (National Stadium) में खेला जाना है। इसी मैदान पर 5 दिन पहले इन दोनों टीमों के बीच वनडे ट्राई सीरीज का फाइनल मैच खेला गया था जहां न्यूजीलैंड ने 243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज कर ली थी। उस सीरीज में साफ देखा गया था कि कराची की पिच काफी सपाट है और यहां बल्लेबाज रनों की बारिश करते आए हैं। इस मैदान पर वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर 355/4 है जो कि भारतीय क्रिकेट टीम ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 2008 में बनाया था। वहीं यहां न्यूनतम वनडे स्कोर 115 रन है जो बांग्लादेश के नाम दर्ज है। कराची में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 246 रन का है। अब तक कराची के नेशनल स्टेडियम में 56 वनडे मैच खेले जा चुके हैं जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 26 मुकाबले जीते हैं, जबकि बाद में टारगेट का पीछा करते हुए 28 बार टीम को जीत मिली है। टॉस जीतने वाली टीम को 56 मैचों में 31 बार जीत मिली है। गेंदबाजों में यहां शुरुआत में फास्ट बॉलर्स कुछ विकेट जरूर निकाल सकते हैं लेकिन अगर बल्लेबाजों को रोकना है तो स्पिनर्स को ही कसी हुई गेंदबाजी करके दिखानी होगी।
इस ग्राउंड के कुछ दिलचस्प आंकड़े (Insteresting Stats Of National Stadium)
| कराची में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाला गेंदबाज | वसीम अकरम (तेज गेंदबाज) |
| इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज | मोहम्मद यूसुफ |
| अब तक कराची में लगाए गए वनडे शतक | 36 वनडे सेंचुरी |
| कराची में वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी | विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)- 181 रन, 1987 में श्रीलंका के खिलाफ |
| नेशनल स्टेडियम कराची में बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन | अजंता मेंडिस (श्रीलंका- 6/13, 2008 में भारत के खिलाफ |
आज कैसा रहेगा कराची का मौसम (Karachi Weather Today)
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मुकाबला कराची में होने जा रहा है तो यहां के मौसम के बारे में भी जान लेते हैं। आज कराची के आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के आसार फिलहाल 10 प्रतिशत हैं लेकिन इससे मैच पर कोई प्रभाव पड़ने के आसार नहीं हैं। उमस काफी रहेगी और हवा की रफ्तार भी कम होगी। कुल मिलाकर मैच का दिन गर्म रहने वाला है। आज कराची का अधकितम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।
कराची में खेले गए पिछले 5 वनडे मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 ODI Matches Scorecards And Results At Karachi)
| तारीख | टीमें | मैच का स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 3 मई 2023 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | पाकिस्तान- 287/6, न्यूजीलैंड- 261 ऑलआउट (49.1 ओवर) | पाकिस्तान 26 रन से जीता |
| 5 मई 2023 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | पाकिस्तान- 334/6, न्यूजीलैंड- 232 ऑलआउट (43.4 ओवर) | पाकिस्तान 102 रन से जीता |
| 7 मई 2023 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | न्यूजीलैंड- 299 रन, पाकिस्तान- 252 ऑलआउट (46.1 ओवर) | न्यूजीलैंड 47 रन से जीता |
| 12 फरवरी 2025 | पाकिस्तान-द.अफ्रीका | द.अफ्रीका- 352/5, पाकिस्तान- 355/4 (49 ओवर) | पाकिस्तान 6 विकेट से जीता |
| 14 फरवरी 2025 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | पाकिस्तान- 242 ऑलआउट, न्यूजीलैंड- 243/5 (45.2 ओवर) | न्यूजीलैंड 5 विकेट से जीता |
आज के पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In PAK vs NZ Match)
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में जब पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने आएंगी तो मैदान पर कई दिग्गज खिलाड़ी फैंस को रोमांचित करेंगे। मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की तरफ से मार्क चैपमैन (Mark Chapman), तेज गेंदबाज मैट हेनरी (Matt Henry), ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell), ओपनर विल यंग (Will Young) और तेज गेंदबाज विलियम ओ'रूर्के (William O'Rourke) पर उनके फैंस की उम्मीदें टिकी होंगी। वहीं, मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम की तरफ से सलमान आघा (Salman Agha), कप्तान मोहम्मद रिजवान, तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi), अबरार अहमद (Abrar Ahmed) और सबसे अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) पर सबकी नजरें रहेंगी।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की वनडे टीमें (Pakistan And New Zealand ODI Squads For Champions Trophy)
पाकिस्तान वनडे क्रिकेट टीमः मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), फखर जमान, बाबर आजम, कामरान गुलाम, सऊद शकील, तैयब ताहिर, फहीम अशरफ, खुशदिल शाह, सलमान अली आगा, उस्मान खान, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद, हारिस रऊफ और मोहम्मद हसनैन।
न्यूजीलैंड वनडे क्रिकेट टीमः मिशेल सेंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिशेल, विल ओ'रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, केन विलियमसन, विल यंग, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी।
