Pakistan ODI Squad For Australia Series: बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप झेलने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए अब अगली चुनौती बड़ी मुश्किल होने वाली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले हफ्ते से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) अपनी 16 सदस्यीय टीम में तीन नए खिलाड़ियों को शामिल कर लिया है।
विकेटकीपर-बल्लेबाज रोहैल नाज़िर, तेज गेंदबाज अहमद दानियाल और ऑलराउंडर अराफ़ात मिन्हास ने कुछ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन उन्हें पहली बार वनडे टीम में चुना गया है। नाज़िर और ग़ाज़ी गोरी टीम में दो विकेटकीपर हैं। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद दो और चार जून को लाहौर में मैच खेले जाएंगे।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगे। अनुभवी खिलाड़ियों बाबर आजम, नसीम शाह और शादाब खान ने टीम में वापसी की है। फखर जमां और साइम अयूब चोटिल होने के कारण इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।
पाकिस्तान की वनडे टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा, अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन, सुफयान मोकिम, माज सदाकत, गाजी गोरी और नसीम शाह, रोहेल नाजिर।
बांग्लादेश में हुई थी फजीहत
इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान क्रिकेट टीम को तब करारा झटका लगा जब मेजबान बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट मैच में शिकस्त देने के बाद दूसरे मैच में भी करारी मात दे दी। इसी के साथ टेस्ट इतिहास में पहली बार बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ किसी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करने का बड़ा और खास रिकॉर्ड बना दिया। अब फॉर्म से जूझ रही पाकिस्तान की टीम नए चेहरों के साथ ऑस्ट्रेलिया को वनडे फॉर्मेट में चुनौती देना चाहेगी, जो अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी की तरफ पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया का पहला कदम माना जा सकता है।
