World Cup 2023, ENG (England) vs NZ (New Zealand) ODI Pitch Report Narendra Modi Stadium, Ahmedabad Weather Forecast Today: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 का आज आगाज हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पिछले विश्व कप की दो फाइनलिस्ट टीमों, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दस टीमों वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत में हो रहा है और पहला मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मुकाबला आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 के पहले मुकाबले में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमों की भिड़ंत है। विश्व कप 2019 के फाइनल में यही दो टीमें टकराई थीं और इंग्लैंड ने रोमांचक सुपर ओवर (टाई) मुकाबले में न्यूजीलैंड को मात देकर पहली बार वनडे विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इस बार कुछ चीजें बदल चुकी हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान तो एक बार फिर से केन विलियमसन (Kane Williamson) होंगे जो पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे और उनकी जगह टॉम लाथम कमान संभालेंगे, लेकिन इंग्लैंड अपने नए वनडे कप्तान जोस बटलर (Jos Buttler) की अगुवाई में पहली बार विश्व कप खेलने उतरेगा। अब आपको बताते हैं कि विश्व कप 2023 के इस पहले मैच की पिच रिपोर्ट क्या कुछ कहती है और कैसा है अहमदाबाद के मौसम का आज का पूरा हाल।
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड वनडे विश्व कप मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (ENG vs NZ Pitch Report)
आज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला वनडे विश्व कप 2023 का पहला मुकाबला अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम (मोटेरा) में खेला जाएगा। इस स्टेडियम के इतिहास का ये पहला विश्व कप मुकाबला होगा जहां एक लाख से ज्यादा दर्शक इस मैच का लुत्फ उठाने आ सकेंगे। अगर बात करें आज के मैच की पिच रिपोर्ट की तो यहां दो तरह की पिचें मौजूद हैं। एक लाल मिट्टी की पिच है जबकि दूसरी काली मिट्टी की पिच। अगर इस मैदान के पिछले कुछ मुकाबलों की बात करें तो लाल मिट्टी पर तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता नजर आया था जबकि काली मिट्टी पर स्पिनर्स को। इस मैदान पर रनों की बारिश होगी इसमें कोई दो राय नहीं है और आईपीएल 2023 का फाइनल इस बात का गवाह रहा था। हालांकि यहां आखिरी बार जब वनडे मैच खेला गया था, तब फरवरी 2022 में भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने थीं और उस मैच में भारत ने 265 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसमें श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के अर्धशतक शामिल थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 37.1 ओवर में 169 रन पर सिमट गई थी और गेंदबाजों में स्टार रहे थे भारतीय पेसर जिन्होंने 8 विकेट झटके थे, जबकि दो विकेट कुलदीप यादव के हाथों में आए थे।
आज कैसा होगा अहमदाबाद का मौसम? (Ahmedabad Weather Forecast Today)
विश्व कप 2023 का ये पहला मैच गुजरात के अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इस मैच के साथ-साथ फैंस साबरमती नदी के करीब स्थित इस खूबसूरत व विशाल स्टेडियम को देखने के लिए भी पहुंचेंगे। पिछले कुछ समय से उपमहाद्वीप में हुए तमाम टूर्नामेंट व मैच बारिश की भेंट चढ़ते दिखे हैं जिसमें भारत के दोनों विश्व कप अभ्यास मैच भी शामिल हैं, ऐसे में फैंस के मन में सवाल जरूर होगा कि आखिर मौसम की क्या स्थिति रहेगी। आज क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि विश्व कप के आगाज में बारिश बाधा नहीं बनेगी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक फिलहाल यहां बारिश के दूर-दूर तक कोई आसार नहीं हैं। आसमान में थोड़े-बहुत बादलों की आवाजाही जरूर रहेगी लेकिन इससे सिर्फ खिलाड़ियों को अहमदाबाद की कड़ी धूप से थोड़ी राहत मिलेगी। शाम बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ने के आसार हैं। अगर तापमान की बात करें तो यहां आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा जो इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के पसीने छुड़ाने के लिए काफी होगा। ये एक डे-नाइट मैच है ऐसे में न्यूनतम तापमान की बात करें तो ये 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।
ये हैं इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की विश्व कप टीमें
इंग्लैंड क्रिकेट टीम: जोस बटलर (कप्तान), जो रूट, जॉनी बेयरस्टॉ, हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, बेन स्टोक्स, मोईन अली, क्रिस वोक्स, सैम कुरेन, रीसे टॉपली, गुस एटकिंसन, डेविड विली, आदिल रशीद और मार्क वुड।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कोन्वे, विल यंग, केन विलियमसन (पहले मैच में नहीं खेलेंगे), मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशाम, ईश सोढी, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र और मिशेल सेंटनेर।
