
ENG vs NZ Highlights: न्यूजीलैंड ने चार साल पुरानी हार का लिया बदला, इंग्लैंड को 9 विकेट से हराया
England vs New Zealand World Cup Highlights: 2019 वनडे वर्ल्ड कप की रनरअप रही टीम न्यूजीलैंड ने चार साल बाद वनडे वर्ल्ड कप 2023 के ओपनिंग मैच को डिफेंडिंग चैम्पियन टीम से हार का हिसाब चुकता कर लिया। न्यूजीलैंड ने मौजूदा वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 9 विकेट से हराया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ओपनिंग मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 282 रन बनाए। जो रूट ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 89.53 की स्ट्राइक रेट से 86 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। वहीं, कप्तान जोस बटलर अर्धशतक से चूक गए। वे 43 रन पर आउट हो गए। न्यूजीलैंड के मैट हैनरी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी न्यूजीलैंड ने 82 गेंद शेष रहते हुए एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम को दूसरे ही ओवर में पहला झटका विल यांग के रूप में लगा, लेकिन दूसरे विकेट के लिए डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने 211 गेंदों पर 273 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। डेवोन कॉन्वे ने 125.61 की स्ट्राइक रेट से 121 गेंदों पर 19 चौके और 3 छक्के की मदद से 152 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, रचिन रवींद्र ने 128.12 की स्ट्राइक रेट से 96 गेंदों पर 11 चौके और 5 छक्के की मदद से 123 रन की नाबाद पारी खेली।