Team India next T20 Captain: पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2024 मैच में राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर 9 विकेट की जीत के दौरान यशस्वी जयसवाल के शतक और संजू सैमसन की समझदार पारी से बहुत प्रभावित हुए। आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स की सातवीं जीत के बाद मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने एक्स पर जयसवाल की शानदार पारी की प्रशंसा की और सैमसन को भारत की टी20 विश्व कप 2024 टीम में विकेटकीपर के रूप में शामिल करने की भी वकालत की।
भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हरभजन सिंह के मुताबिक टीम में सैमसन की जगह पर कोई बहस नहीं होनी चाहिए, और उन्होंने यह भी कहा कि 29 वर्षीय स्टार को रोहित शर्मा के बाद भारत के अगले टी20ई कप्तान के रूप में तैयार किया जाना चाहिए।
संजू सैमसन को किया जाना चाहिए तैयार- हरभजन
हरभजन सिंह ने मैच के बाद ट्वीट कर लिखा कि 'यशस्वी जयसवाल की पारी इस बात का प्रमाण है कि क्लास स्थायी है। फॉर्म अस्थायी है और कीपर बल्लेबाज के बारे में कोई बहस नहीं होनी चाहिए। संजू सैमसन को टी20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम में आना चाहिए और रोहित के बाद भारत के लिए अगले टी20 कप्तान के रूप में भी तैयार किया जाना चाहिए। कोई शक???”
संजू सैमसन ने किया इंप्रेस
सैमसन ने आईपीएल 2024 में अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है। उनके नेतृत्व में, रॉयल्स ने मौजूदा सीज़न में अब तक खेले गए आठ लीग चरण मैचों में से सात में जीत हासिल की है। बल्ले से, केरल के इस क्रिकेटर ने आठ मैचों में 314 रन बनाए हैं। वह आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।
