क्रिकेट

ENG vs NZ 3rd Test Day 1 Highlights: टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे के शतकों की बदौलत न्यूजीलैंड ने की तीसरे टेस्ट में धमाकेदार शुरुआत

इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में गुरुवार को शुरू हुए सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में न्यूजीलैंड ने धमाकेदार शुरुआत की है। टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे ने धमाकेदार शतक जड़कर मेहमान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

Image

टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे (फोटो क्रेडिट BLACK CAPS X)

नॉटिंघम: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले पहले दिन धमाकेदार शुरुआत करते हुए 84.1 ओवर में 4 विकेट पर 361 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड को पहले ही दिन मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे ने शानदार शतक जड़कर अदा की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 317 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। टॉम लैथम के आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई। दिन के आखिरी 12.1 ओवर में इंग्लैंड ने 4 विकेट चटकाकर मैच में वापसी की। नाइट वॉच मैन विल ओ'रूर्के खाता खोले बगैर पिच पर टिके हैं। डेवोन कॉन्वे ने सबसे ज्यादा 157, टॉम लैथम ने 151, हेनरी निकोल्स ने 36 और रचिन रवींद्र ने 7 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए एक-एक विकेट गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, बेन स्टोक्स और जो रूट ने लिए।

पहले सत्र में न्यूजीलैंड ने बनाए 108 रन

मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस फैसले को कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने सही साबित किया। इंग्लैंड की टीम में अनुशासनात्मक कारणों से दूसरे टेस्ट से बाहर किए जाने के बाद नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की इंग्लैंड टीम में वापसी हुई है। इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण शुरुआत में बेअसर दिखाई दिया। दोनों ने पहले दिन लंच तक न्यूजीलैंड को बगैर किसी नुकसान के 108 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 157 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी की और लैथम ने अपना अर्धशतक 65 गेंद में 4 चौके की मदद से पूरा किया।

दूसरे सत्र में लैथम ने जड़ा कप्तानी शतक

दूसरे सत्र में भी लैथम और कॉन्वे की जोड़ी टिकी रही दोनों ने दूसरे सत्र में भी रन बनाने का सिलसिला जारी रखी। कॉन्वे ने अपना अर्धशतक 91 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा किया। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 304 गेंद में 200 रन की साझेदारी पूरी कर ली। इसके बाद कप्तान लैथम ने अपना शतक 149 गेंद में 10 चौके की मदद से पूरा कर लिया। चायकाल तक कीवी टीम ने 213 रन बगैर किसी नुकसान के बना लिए थे। लैथम 109 और कॉन्वे 94 रन बनाकर खेल रहे थे।

तीसरे सत्र में कॉन्वे ने जड़ा सैकड़ा

तीसरे सत्र में भी लैथम और कॉन्वे ने अपने पैर पिच पर जमाए रखे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 300 रन की साझेदारी 408 गेंद में पूरी कर ली। इसके बाद कॉन्वे ने अपने 150 रन 210 गेंद में 22 चौके और 3 छक्के की मदद से और लैथम ने 211 गेंद में 15 चौके की मदद से अपने 150 रन पूरे कर लिए। दोनों स्कोर को 72 ओवर में 317 रन तक ले गए।

तीसरे सत्र के आखिरी ओवरों में इंग्लैंड ने की वापसी

73वें ओवर की पहली गेंद पर टॉम लैथम की पारी का अंत कप्तान बेन स्टोक्स ने कर दिया। लैखम 214 गेंद में 151 रन बनाकर विकेट के पीछे जैमी स्मिथ के हाथों लपके गए। इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर डेवोन कॉन्वे को जो रूट ने कैच करा दिया। कॉन्वे 157(224) रन बना सके। दो विकेट जल्दी जल्दी गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की पारी को दो नए बल्लेबाजों हेनरी निकोल्स और रचिन रवींद्र ने संभाला। दोनों टीम को 361 रन तक ले गए। लेकिन 84वें ओवर की आखिरी और 85वें ओवर की पहली गेंद पर एटकिंसन ने रचिन रवींद्र को विकेट के पीछे और हेनरी निकोल्स को आर्चर ने कैच करा दिया। रचिन 7 और निकोल्स 36 रन बना सके। इसके बाद अंपायरों ने दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article